गेर मार्ग पर यातायात पुलिस ने बनाए अस्थायी 10 पार्किंग स्थल, निगम का अमला रहेगा तैनात

आज सुबह निगम कमिश्नर ने अफसरों के साथ फिर पूरे गेर मार्ग का निरीक्षण किया, कई निर्देश भी दिए

इंदौर। कल शहर की वर्षों पुरानी पहचान एक बार फिर अलग-अलग रंगों में नजर आएगी। इसके लिए प्रशासन के साथ-साथ नगर निगम (Nagar Nigam) और पुलिस विभाग का पूरा अमला तैयारियों में जुटा है। गेर में शामिल होने के लिए आने वाले लोगों के लिए 10 स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जहां नगर निगम का अमला तैनात रहेगा। गेर मार्ग की सडक़ों को सुधारने के काम पहले ही पूरे कर लिए गए थे। गेर निकलने के एक से दो घंटे के अंतराल में ही पूरी सडक़ों (Road) को चकाचक करने का प्लान तैयार कर लिया गया है।

आज सुबह निगम कमिश्नर शिवम वर्मा (Corporation Commissioner Shivam Verma) अफसरों के साथ राजबाड़ा और उसके आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ पूरे गेर मार्ग का निरीक्षण करने निकले। इस दौरान उन्होंने अफसरों से जानकारी भी ली कि पूरे गेर मार्ग पर जहां-जहां सडक़ों पर कार्य हुए थे, वहां मरम्मत के कार्य पूरे कर लिए गए हैं और कहीं भी सडक़ें खस्ताहाल नहीं रहें। इस दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ यातायात पुलिस और प्रशासन के अधिकारी थे। यातायात पुलिस के अधिकारियों ने निगम अफसरों से चर्चा की थी कि 10 स्थानों पर गेर में शामिल होने वाले लोगों के वाहन खड़े करने के लिए अस्थायी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। वहां निगम के कर्मचारियों की तैनाती कर दी जाए, ताकि कोई अव्यवस्था न हो। अफसरों ने इसके लिए सहमति भी दे दी और कल निगम के कई कर्मचारी पार्किंग स्थलों पर व्यवस्था संभालने का काम देखेंगे। पूरे गेर मार्ग पर सफाई व्यवस्था का इंतजाम बेहतर रहे और गेर समाप्त होने के बाद एक से दो घंटे के अंतराल में ही सफाई कार्य शुरू कर दिए जाएं, ताकि शहर की सडक़ें बदहाल और गंदी न दिखें।

दोपहर बाद सुभाष चौक टंकी से बंटेगा पानी

वर्षों पुरानी परंपरा के चलते नर्मदा प्रोजेक्ट द्वारा कल दोपहर में सुभाष चौक पानी की टंकी से गेर समाप्ति के बाद पानी सप्लाय किया जाएगा। गेर वाले क्षेत्रों में नगर निगम पूर्व से रंगपंचमी के दिन विशेष रूप से पानी सप्लाय करता रहा है, क्योंकि गेर समाप्ति के बाद लोगों को पानी की आवश्यकता पड़ती है और ऐसे में दोपहर बाद यह सप्लाय होता है। इसके अलावा आसपास के कई क्षेत्रों में टैंकरों से भी पानी सप्लाय किया जाएगा।

Leave a Comment