वीडी शर्मा ने साल भर में खड़ी कर दी भाजपा की दूसरी पीढ़ी

  • संगठन के हित में लिए कड़े फैसले, अब मप्र में भाजपा युवाओं की पार्टी

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने एक साल पहले प्रदेशाध्यक्ष की कमान संभाली थी। इस अल्प अवधि में उन्होंने संगठन के हित में कई ताबड़तोड़ फैसले किए हैं और दूसरी पीढ़ी खड़ी कर दी है। उपचुनाव जीतने से लेकर प्रदेश संगठन का ढर्रा बदलने का कड़ा फैसला वीडी शर्मा ने ही किया है। अब मप्र का भाजपा संगठन युवाओं का संगठन हो गया है। यहां मंडल से लेकर प्रदेशाध्यक्ष तक 90 फीसदी पदाधिकारी युवाओं के श्रेणी मेें आते हैं। वीडी शर्मा के प्रदेशाध्यक्ष की कमान संभालने के सवा महीने बाद 23 मार्च 2020 को प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी। इसके दो दिन बाद कोरोना की वजह से देशव्यापी लॉकडाउन हो गया। कोरोना काल में सभी काम ठप हो गए थे। इसके बावजूद भी वीडी शर्मा ने प्रदेश भाजपा को वर्चुअल प्लेटफार्म के जरिए संचालित किया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ वर्चुअल बैठकें की। जैसे ही लॉकडाउन हटा, ताबड्तोड़ दौरे किए। शर्मा के नेतृत्व में सबसे बड़ी उपलब्धि विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत है। इसके बाद उन्होंने सालों से लंबित मप्र भाजपा का ढर्रा बदला। ज्यादातर नए चेहरों को मौका दिया। पिछले 15 साल में मप्र भाजपा में कई अध्यक्षल बदले, लेकिन जिस तरह से वीडी शर्मा ने संगठन के हित में कड़ा कदम उठाते हुए भाजपा की नई पीढ़ी खड़ी कर दी है, उस तरह का फैसला अन्य किसी अध्यक्ष ने नहीं किया था। खास बात यह है कि वीडी शर्मा की टीम में प्रमुख पदों पर ऐसे पदाधिकारी हैं, जो पूर्णकालिक की श्रेणी में है। जिसका फायदा मप्र भाजपा संगठन को मिल रहा है।

पूर्णकालिक होने का संगठन को मिल रहा फायदा
वीडी शर्मा भाजपा के पूर्णकालिक कार्यकर्ता हैं। उनकी राजनीति अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से शुरू हुई। वे लंबे समय में अभाविप के संयोजक रहे हैं। संगठन के लिए काम करते रहना उनके जेहन में है। यही वजह है कि वे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद लगातार संगठनात्मक कार्यक्रम करा रहे हैं।

मंडल से लेकर प्रदेश तक प्रशिक्षण
कोरोना के बावजूद भी वीडी शर्मा ने मंडल से लेकर प्रदेश पदाधिकारियों तक के प्रशिक्षण वर्ग करा दिए हैं। उपचुनाव के बाद उन्होंने मंडल प्रशिक्षण कराए। इसके बाद सीहोर में जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण कराया। पिछले महीने इंदौर में प्रदेश पदाधिकारियों का प्रशिक्षण कराया। दो दिन पहले उज्जैन में भाजपा विधायक एवं संासदों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ है। भाजपा ही एक मात्र ऐसा संगठन है, जिसमें हर छोटे-बड़े फैसले बैठकों में होते हैं। पिछले कुछ सालों से मप्र भाजपा में यह परंपरा टूट गई थी। शर्मा ने परंपरा को फिर से शुरू किया है।

Leave a Comment