सब्जियां महंगी, थाली से बनने लगी दूरी

  • प्याज ने फिर चौकाया, 35 से 40 रु किलो
  • थोक में ज्यादातर सब्जियां 40 व खेरची में 60 से 70 रुपए किलो

इंदौर, कमलेश्वर सिंह सिसौदिया। अतिवृष्टि के बाद से ही सब्जियों के दाम में तेजी का दौर शुरू हुआ, जो अब तक जारी है। थोक मंडी में ज्यादातर सब्जियां 40 रुपए किलो के करीब चल रही हैं, जो आम आदमी को 60 से 70 रुपए किलो तक खेरची में मिल रही है। प्याज एक बार फिर चौंकाने वाली स्थिति में आ गया है। मंडी में 35 से 40 किलो रुपए थोक में बेस्ट क्वालिटी का प्याज पहुंच गया है। नवरात्रि शुरू होने के साथ ही आम शहरी को उम्मीद थी कि महंगी सब्जियों से राहत मिलती नजर आएगी, पर ऐसा नहीं हुआ और सब्जियों के दाम में तेजी बनी हुई है। फुटकर में आम उपभोक्ता को 60 से 70 रुपए किलो तक सब्जियों के दाम चुकाना पड़ रहे हैं, वहीं शहर की पॉश कॉलोनियों में सब्जियां सौ रुपए किलो तक घर पहुंच रही हैं। व्यापारी सलीम चौधरी ने बताया कि इंदौर एवं आसपास के क्षेत्र की सब्जियों के पौधे पिछले महीने की तेज बारिश में खराब होने से महाराष्ट्र और गुजरात से सब्जियों की आवक हो रही है। महाराष्ट्र से गिल्की, बालोर के साथ मैथी की आवक है, वहीं गुजरात से करेला और सूरजना फली आ रही है। मध्य और निम्न मध्यमवर्गीय उपभोक्ता की थाली से महंगी सब्जियों ने दूरी बना ली है।

1 महीना बारिश को बीता, नुकसान का असर अब तक
अतिवृष्टि को एक महीना हो गया है। इसका असर अब तक दिख रहा है। मैदानी क्षेत्र में सब्जियों के पौधों को ज्यादा नुकसान पहुंचाने से इंदौर एवं आसपास की लोकल सब्जियां मंडी में सीमित मात्रा में आ रही है। गुजरात और महाराष्ट्र में पहाड़ी क्षेत्र में वहां के सब्जियों के पौधे खराब नहीं हुई, जिससे बाहर की सब्जियां की पर्याप्त आवक बनी हुई है। तकरीबन डेढ़ से दो सप्ताह में फिर से लोकल सब्जियों की आवक शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद दाम और नीचे आएगे।

टमाटर की सुर्खी… प्याज की नई फसल में देरी
डेढ़ महीने से टमाटर के थोक दाम 10 रुपए किलो के नीचे चल रहे थे। अब फिर टमाटर सुर्ख हो रहा है। थोक दाम 15 रुपए किलो को पार कर रहे हैं। इंदौर एवं आसपास के किसानों ने बारिश में जमा प्याज को तकरीबन मंडी में पहुंचा दिया है और प्याज की डिमांड अभी भी बनी हुई है, जिसके कारण प्याज की कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है।

चोइथराम मंडी में सब्जी के थोक दाम
टैंसी……………………. 40 से 45 रु किलो
भिंडी…………………….35 से 40 रु. किलो
गिल्की………………..35 से 40 रु. किलो
तुराई……………………35 से 38 रु. किलो
सुरजना फली………..55 से 65 रु. किलो
बालोर………………….60 से 65 रु. किलो
बंैगन…………………..30 से 36 रु. किलो
लौकी…………………15 से 20 रु. किलो
करेला…………………15 से 18 रु. किलो
गवार फली…………… 45 से 50 रु. किलो
मिर्ची…………………..50 से 60 रु. किलो
हरा धनिया ………….100 से 110 रु. किलो
खीरा ककड़ी………….15 से 20 रु. किलो
कद्दू…………………..12 से 15 रु. किलो
मैथी…………………..50 से 80 रु. किलो
आलू…………………10 से 16 रु. किलो
प्याज…………………30 से 40 रु. किलो
टमाटर…………………12 से 15 रु. किलो

Leave a Comment