खाकी वर्दी पहन हाथ में तिरंगा लेकर निकले राष्ट्र भक्ति जगाने

उज्जैन। दशहरा मैदान से लेकर टॉवर चौक तक सैकड़ों पुलिस कर्मी आज सुबह खाकी वर्दी पहने और राष्ट्रीय ध्वज हाथों में थामे दिखाई दिए। यह सभी तिरंगा यात्रा के जरिए लोगों में देश भक्ति का भाव जगा रहे थे। उल्लेखनीय है कि इस बार आजादी की 75वीं वर्षगांठ अमृत महोत्सव के रूप में मनाई जा रही है। कल 13 अगस्त से 15 अगस्त तक शहर के हर घर और भवन पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा शान से लहराएगा। इसका अलख जगाने के लिए आज सुबह पुलिस विभाग ने तिरंगा यात्रा निकाली। आरआई ओपी आर्य ने बताया कि राष्ट्र भक्ति के भाव से पुलिस विभाग की यह तिरंगा यात्रा आज सुबह 9 बजे दशहरा मैदान से आरंभ हुई। इसमें लगभग 300 पुलिस कर्मी शामिल हुए जिनमें महिला कर्मी भी मौजूद थीं। पुलिस की यह तिरंगा यात्रा दशहरा मैदान से आरंभ हुई जो टॉवर चौक पहुंची। यहां से शहीद पार्क होते हुए विभिन्न मार्गों से यात्रा वापस दशहरा मैदान पहुंची। यात्रा में शामिल सभी पुलिस कर्मी अनुशासन के साथ खाकी वर्दी में हाथों में तिरंगा थामे चल रहे थे। उनके आगे खुली जीप में आरआई सवार थे और पूरी यात्रा में सैकड़ो तिरंगे लहराते हुए राष्ट्र भक्ति और देशप्रेम का संदेश दिया जा रहा था।

Leave a Comment