नाले में गिरा ई-रिक्शा महिलाएं और बच्चे घायल

  • अशफालउल्ला खां वार्ड में मोतीनाला पुल का मामला, बमुश्किल निकाला गया ई-रिक्शा

जबलपुर। शहीद अश्फाकउल्ला खां वार्ड स्थित मोतीनाला में बीती रात एक बेकाबू ई-रिक्शा नाले में समा गया। रिक्शे में बैठी दो महिलाएं और बच्चे को काफी चोटें आईं। राहगीरों और आसपास के लोगों की मदद से बमुश्किल ई-रिक्शा निकाला गया। जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात तकरीबन 11 बजे मोतीनाला अस्पताल के पीछे वाले नाले में एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा गिर गया। रिक्शा गिरते ही अफरा-तफरी मच गई। ई-रिक्शे में सवार महिलाएं और बच्चे चीखने लगे। थोड़ी ही देर में वहां लोगों का हुजूम जमा हो गया। पहले महिलाएं और बच्चों को निकाला गया, कीचड़ में महिलाएं और बच्चे सन गए, उन्हें चोटें भी आईं। उन्हें नजदीक में डॉक्टर के यहां पहुंचाया गया। इसके बाद फिर ई-रिक्शे के ड्राइवर को भी बाहर निकालकर खरी-खोटी सुनाई गई। इसके बाद लोगों ने जुगाड़ का सहारा लेकर ई-रिक्शे को निकालने का प्रयास शुरू किया। एक घंटे की मशक्कत के बाद बमुश्किल ई-रिक्शे को भी नाले से बाहर निकाला गया।

प्रत्यक्षदर्शी ताज उस्मानी ने बताया कि पुल पर अंधेरे के कारण तेज रफ्तार ई-रिक्शा गिरा। बेतरतीब बने पुल में आए दिन हादसा होता है। कोई भी जिम्मेदार नालों को दुरुस्थ कराने तैयार नहीं। कई क्षेत्रीय लोगों ने क्षेत्रीय पार्षद पर भी आरोप लगाते हुए कहा बारिश के पहले नालों की सफाई भी नहीं हुई। जिससे नालों में कचरा भरा पड़ा है। तेज बारिश में पानी के तेज बहाव को निकलने जगह नहीं मिलती। आक्रोशित क्षेत्रीय लोगों ने नाले की साफ-सफाई और समुचित बिजली व्यवस्था किए जाने की भी बात कही है। इतना ही नहीं मिलौनीगंज से चार खम्बा तक चलने वाले बेहिसाब ई-रिक्शा और बेतरतीब यातायात को लेकर भी लोगों ने गुस्सा जाहिर किया।

Leave a Comment