हिन्दू कैदियों की मुलाकात रोकने पर सेंट्रल जेल के बाहर महिलाओं ने किया चक्काजाम

आज ईद पर केवल मुस्लिम महिलाओं और बच्चों को मुलाकात की दी अनुमति

इंदौर। सेंट्रल जेल (Central Jail) के बाहर सडक़ पर आज सुबह जेल में बंद अपने परिजनों से मुलाकात करने पहुंची सैकड़ो हिन्दू महिलाओं ने मुलाकात रोके जाने को लेकर आक्रोश जताया और नारेबाजी करते हुए चक्का जाम कर दिया । इनमें से कई महिलाएं दुरस्थ इलाकों से अपने परिजनों से मिलने के लिए इंदौर (Indore) आई हुई थी।

ईद का पर्व होने से आज मुलाकातियों की भीड़ के चलते जेल प्रशासन ने केवल मुस्लिम महिलाओं और बच्चों को अपने परिजनों से मुलाकात की अनुमति दी थी। इस दौरान जब हिंदू महिलाएं कैदियों से मुलाकात करने पहुंची तो जेल प्रशासन ने उन्हें बाहर खदेड दिया और मुलाकात की अनुमति नहीं दी। इस पर महिलाओं ने रोष जताते हुए काफी देर तक जेल प्रशासन से हुज्जत की, लेकिन जेल प्रशासन का कहा था कि चूंकि आज ईद का पर्व होने से केवल मुस्लिम महिलाओं और बच्चों को ही कैदियों से मुलाकात की अनुमति दी जा रही है। इस पर महिलाओं ने क्षुब्ध होकर सेंट्रल जेल के बाहर चक्काजाम कर दिया। उनका कहना था कि दीपावली और रक्षाबंधन जैसे पर्व पर भी दोनों ही समुदाय के लोगों को मिलने की अनुमति दी जाती है फिर आज हिन्दू परिवारों की अनुमति पर प्रतिबंध क्यों लगाया गया। चक्काजाम करने वाली कई महिलाएं खंडवा, खरगोन और बाहर के इलाकों से भी आई हुई थी। बाद में जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिन्दू महिलाओं और बच्चों को भी मुलाकात की अनुमति दी, तब कहीं जाकर चक्काजाम समाप्त हुआ।

Leave a Comment