नई दिल्ली। अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मैस्सी (Lionel Messi) अपने भारत टूर के दौरान सोमवार को दिल्ली पहुंचे। इस मौके पर अरुण जेटली स्टेडियम (Arun Jaitley Stadium) में एक कार्यक्रम रखा गया, जहा मैसी के साथ दो अन्य स्टार फुटबॉलर रोड्रिगो डी पॉल और लुईस सुआरेज भी पहुंचे। यहां आए इन खिलाड़ियों को देखने के लिए स्टेडियम में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और ICC के चेयरमैन जय शाह ने यहां इन खिलाड़ियों का स्वागत और सम्मान किया। रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर इसे दिल्ली में मैसी मोमेंट बताया। हालांकि AAP (आम आदमी पार्टी) ने इस इवेंट को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधा और उन पर दुनिया के सामने दिल्ली और देश की फ़ज़ीहत करने का आरोप लगाया।
दरअसल AAP ने यह आरोप स्टेडियम से सामने आए उस वीडियो के आधार पर लगाया, जिसमें अरुण जेटली स्टेडियम में मैसी को देखने आई जनता, रेखा गुप्ता के मंच पर जाते ही AQI.. AQI.. के नारे लगाने लग जाती है।
स्टेडियम में नारे लगाते मैसी फैंस के इसी वीडियो को शेयर करते हुए आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फिर करवाई दुनिया के सामने दिल्ली और देश की फ़ज़ीहत- CM रेखा गुप्ता जैसे ही दुनिया के महान फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मैस्सी से मिलने मंच पर पहुंची, दिल्ली वालों ने नारा लगा दिया— AQI! AQI!’
उधर पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने लिखा, ‘International Shame अंतरराष्ट्रीय बेइज़्ज़ती रेखा गुप्ता को देखते ही स्टेडियम में प्रदूषण से परेशान दिल्ली के लोग चीखे- AQI AQI AQI, जैसे ही दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पहुंचीं, मैसी के लिए जमा भीड़ “AQI..AQI..” चिल्लाने लगी।’
उधर इसी इवेंट की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए सीएम गुप्ता ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘दिल्ली में मेस्सी मोमेंट! अरुण जेटली स्टेडियम में लेजेंड्स लियोनेल मेस्सी, लुइस सुआरेज़ और रोड्रिगो डी पॉल का स्वागत किया।’
जय शाह ने दी जर्सी, वर्ल्ड कप के लिए किया आमंत्रित
खिलाड़ियों के स्वागत सत्कार के लिए जेटली स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में ICC के अध्यक्ष जय शाह ने तीनों स्टार फुटबॉलर्स को भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी भेंट की। जिन पर उनके पसंदीदा नंबर्स भी लिखे हुए थे। इस दौरान मैसी को नंबर 10, सुआरेज को नंबर 9 और डीपॉल को नंबर 7 लिखी जर्सी दी गई। इसके साथ ही जय शाह ने मैसी को ऑटोग्राफ वाला क्रिकेट बैट देते हुए आने वाले T20 वर्ल्ड कप के लिए उन्हें आमंत्रित भी किया और उन्हें USA के खिलाफ होने वाले भारत के मैच का टिकट भी दिया।
मैसी का G.O.A.T. इंडिया टूर 2025, कोलकाता से शुरू हुआ था, इसके बाद वह हैदराबाद और मुंबई होकर अपने टूर के एक और पड़ाव पर नई दिल्ली पहुंचे थे। इसके बाद वह गुजरात के जामनगर के लिए रवाना हो गए, जहां पर वह वनतारा देखेंगे। इस दौरान उनके साथ इंटर मियामी FC टीम के उनके साथी लुईस सुआरेज़ और रोड्रिगो डी पॉल भी मौजूद रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved