
तेहरान। पश्चिम एशिया (West Asia) में जारी जंग जमीन पर भले ही थमी नजर आ रही हो, लेकिन समंदर में अभी भी मालवाहक जहाज (Cargo Ship) निशाना बनाए जा रहे हैं। बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात (United Arab Emirates) के मीना साक्र के पास एक लाइबेरिया (Liberia) के झंडे वाले तेल टैंकर को निशाना बनाया गया। हमले के समय इस जहाज पर 19 भारतीय नाविक (Indian Sailor) सवार थे। सामने आई जानकारी के मुताबिक संयुक्त अरब अमीरात के कोस्ट गार्ड ने इन नाविकों को सुरक्षित निकाला है।
इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के मीना साक्र के पास लाइबेरिया के झंडे वाले एक कच्चे तेल के टैंकर पर हमला हुआ। इसमें कुल 23 नाविक सवार थे, जिनमें से 19 भारतीय थे, इन सभी नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। एक्स पर किए एक पोस्ट में केंद्रीय मंत्री ने बताया, “UAE कोस्ट गार्ड ने 22 सदस्यीय पूरे चालक दल को तेजी से और सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया। हमारे सभी 19 भारतीय नागरिक पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है।”
मंत्री ने आगे कहा कि सरकार चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें जरूरी मदद मुहैया कराने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी के साथ मिलकर काम कर रही है। सोनोवाल ने कहा, “हम जहाज प्रबंधन कंपनी के लगातार संपर्क में हैं ताकि उनकी सुरक्षा, भलाई और जरूरी सहायता सुनिश्चित की जा सके।” हालांकि, अभी इस बात की जानकारी सामने नहीं आई है कि इस तेल टैंकर पर किस तरीके का हमला हुआ, या किस पक्ष की तरफ से हमला किया गया।
सऊदी अरब के झंडे वाले जहाज पर होर्मुज में हमला
इससे पहले इसी तरह के एक घटनाक्रम में सऊदी अरब के झंडे वाले तेल टैंकर एनसीसी फज्र पर भी हमला हुआ था। होर्मुज से गुजरते समय इस जहाज पर जोरदार हमला हुआ था। सोनोवाल ने बताया कि चालक दल के सभी सदस्य बिना किसी चोट के सुरक्षित बच गए हैं और सरकार स्थिति पर नजर रख रही है। सोनोवाल ने कहा, “11 नवंबर को, सऊदी अरब के झंडे वाले तेल टैंकर ‘एनसीसी फज्र’ पर सवार 3 भारतीय नाविक उस समय एक संभावित हमले की चपेट में आ गए, जब जहाज होर्मुज से गुजर रहा था।” भारतीय नागरिकों की सुरक्षा की पुष्टि करते हुए उन्होंने आगे कहा, “चालक दल के सभी सदस्यों के साथ-साथ तीनों भारतीय नागरिक भी सुरक्षित हैं। हम लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं और जहाज मैनेजमेंट कंपनी के साथ नियमित संपर्क में हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हमारे नाविक सुरक्षित रहें और उनकी भलाई बनी रहे।”
बता दें यह पहली बार नहीं है जब समंदर में भारतीय नागरिक निशाना बने हैं। अमेरिका और ईरान के बीच हुई लड़ाई में भी कई बार भारतीय नाविक निशाना बने हैं। इस मामले में कई युवा नाविकों की जान भी समंदर में गई है। पश्चिम एशिया के अलावा काला सागर में भी रूस और यूक्रेन की जंग में भारतीय नाविक निशाना बने हैं। भारत सरकार लगातार इसका विरोध करती रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved