भोपाल। बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान (Kareena Kapoor Khan) के एक पुराने शाही लॉकेट (Locket) को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। दिवाली के मौके पर साझा की गई उनकी तस्वीरों में नजर आए हरे पन्ने के लॉकेट पर कुरान (The Quran on a locket) की आयत लिखी होने की बात सामने आने के बाद मामला कानूनी नोटिस तक पहुंच गया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अब्बास हफीज ने अभिनेत्री को नोटिस भेजकर तस्वीरें हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। वहीं, अब हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने करीना का समर्थन करते हुए कहा है कि उन्हें माफी मांगने की जरूरत नहीं है।
हिंदू उत्सव समिति ने किया करीना का बचाव
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि करीना कपूर को किसी से माफी मांगने की आवश्यकता नहीं है। लॉकेट गले में पहनने के लिए होता है और यदि उस पर कुरान की आयत लिखी है, तो इसे अपमानजनक तरीके से पहनने का सवाल ही नहीं उठता।
तिवारी ने कहा कि करीना भोपाल के पूर्व शाही परिवार की बहू हैं। ऐसे में अपनी ससुराल से जुड़ी पारिवारिक विरासत के आभूषण पहनना स्वाभाविक है। हिंदू उत्सव समिति के साथ संस्कृति बचाओ मंच ने भी अभिनेत्री के समर्थन में अपनी बात रखी है।
दरअसल, विवाद की शुरुआत करीना कपूर की दिवाली पर साझा की गई तस्वीरों से हुई। इन तस्वीरों में वह हरे रंग के बड़े पन्ने वाला लॉकेट पहने नजर आई थीं। सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने तस्वीरें साझा करते हुए बताया था कि करीना ने करीब 200 साल पुराना लॉकेट पहना है, जो भोपाल के पूर्व शाही परिवार की विरासत का हिस्सा है।
लॉकेट पर कुरान की आयत लिखी होने की जानकारी सामने आने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता अब्बास हफीज ने करीना को कानूनी नोटिस भेज दिया।
क्या है अब्बास हफीज की आपत्ति?
अब्बास हफीज का कहना है कि उन्हें करीना के पारंपरिक आभूषण पहनने पर कोई आपत्ति नहीं है, बल्कि सवाल धार्मिक आयत को सोशल मीडिया पर प्रदर्शित करने के तरीके को लेकर है। उनका दावा है कि इससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
हफीज ने नोटिस के जरिए करीना से संबंधित तस्वीरें और सोशल मीडिया पोस्ट हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने तथा भविष्य में इस तरह धार्मिक आयत प्रदर्शित नहीं करने का आश्वासन देने की मांग की है।
वकील ने भी रखी धार्मिक परंपराओं की बात
अब्बास हफीज के वकील मोहम्मद जफर ने कहा कि लॉकेट पर पवित्र कुरान की आयत लिखी हुई है। इस्लाम में धार्मिक ग्रंथ को छूने और पढ़ने से पहले पाक-साफ रहने से जुड़ी परंपराएं हैं। इसी आधार पर उन्होंने धार्मिक भावनाओं से जुड़े सवाल उठाए हैं।
हालांकि, अब्बास हफीज ने स्पष्ट किया है कि करीना कपूर को कानूनी नोटिस भेजना उनका निजी फैसला है। इसका कांग्रेस पार्टी या उसकी विचारधारा से कोई संबंध नहीं है।
करीना की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं
फिलहाल करीना कपूर खान या उनकी टीम की ओर से कानूनी नोटिस पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। एक ओर हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच अभिनेत्री के समर्थन में खड़े हैं, तो दूसरी ओर अब्बास हफीज ने तस्वीरें हटाने और माफी मांगने की मांग की है। इस मामले ने सोशल मीडिया पर भी बहस छेड़ दी है। अब सबकी नजरें करीना कपूर की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved