नई दिल्ली। फरवरी का महीना अपने साथ ठंड लेकर आया है। कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी (Snowfall) भी हुई है, जिससे हवा में गलन बढ़ गई। दिल्ली-एनसीआर (NCR) समेत आसपास के इलाकों में सुबह के वक्त कोहरा छाए रहने से यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि अभी कुछ और दिनों तक मौसम की ऐसी ही मार पड़ने वाली है।
ताजा पश्चिमी विक्षोभ 3 फरवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में अपना असर दिखाएगा। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में बारिश और बर्फबारी होगी। 3 तारीख से लेकर 5 तक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में मौसम बिगड़ेगा। इन राज्यों के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से लेकर मध्यम वर्षा हो सकती है। इसे देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया है।
दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 2 डिग्री अधिक है। कल यहां अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 3.9 डिग्री ज्यादा रहा।
आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश के आसार
बंगाल की खाड़ी के ऊपर दक्षिण-पश्चिमी इलाके में बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है। मौसम केंद्र के मुताबिक, कम दबाव का यह क्षेत्र समुद्र के औसत स्तर से 0.9 किलोमिटर उपर तक था। कम दबाव के कारण तटीय आंध्र प्रदेश के दक्षिणी इलाकों और रायलसीमा क्षेत्र में दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चल रहीं हैं। दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्र और रायलसीमा में अगले 24 घंटे में हल्के से मध्यम बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्र और यनम, रायलसीमा में अगले 48 घंटों में कोहरा छाया रह सकता है। रायलसीमा में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस ऊपर रह सकता है। आंध्र प्रदेश और यनम में अगले 7 दिनों में शुष्क मौसम रहने का अनुमान है।
कश्मीर घाटी के पर्वतीय इलाकों में ताजा हिमपात
कश्मीर घाटी के पर्वतीय इलाकों के साथ-साथ कुछ मैदानी इलाकों में शनिवार को हल्का से मध्यम हिमपात हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग श्रीनगर ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में रात भर बारिश भी हुई। दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में 11.2 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग स्की रिजॉर्ट में 7.5 सेमी, काजीगुंड में 4 सेमी, कुपवाड़ा में 1.5 सेमी और कोकेरनाग में 2.0 सेमी बर्फबारी हुई। गांदेरबल जिले के सुरम्य सोनमर्ग में 1.5 फीट बर्फबारी हुई। श्रीनगर और कश्मीर घाटी के अन्य हिस्सों में रात भर रुक-रुक कर बारिश हुयी।
मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को आम तौर पर बादल छाए रहने का अनुमान है। छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश/हिमपात के आसार हैं। आज मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। प्रदेश में 3 फरवरी की शाम से अलग-अलग स्थानों पर हल्की बर्फबारी और बारिश का अनुमान है। 4 फरवरी को आमतौर पर बादल छाए रहेगा और जम्मू-कश्मीर के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी होगी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved