बड़ी खबर व्‍यापार

आस्ट्रेलिया ने हरियाणा में कारोबार बढ़ाने में दिखाई दिलचस्पी

चंडीगढ़। भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त बैरी ओ.फ्रेल एओ ने हरियाणा के साथ कृषि, पशुपालन, डेयरी, खेल, कौशल विकास और होटल मैनेजमेंट क्षेत्र में सहयोग करने के लिए विशेष रुचि दिखाई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ एक बैठक में बैरी ओ. फ्रेल एओ ने ऑस्ट्रेलिया और हरियाणा के बीच विभिन्न मुद्दों पर आपसी सहयोग की समीक्षा की और भविष्य के लिए भी सहयोग करने की दिशा में संभावनाओं का पता लगाने के लिए विचार-विमर्श किया। बैठक में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल भी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान बैरी ओ. फ्रेल एओ ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण और खेल विशेष रूप से हॉकी तथा खेलों के प्रदर्शन में वृद्धि के लिए खेल अनुसंधान के क्षेत्र में हरियाणा के साथ ऑस्ट्रेलिया की विशेषज्ञता को सांझा करने के लिए संभावनाएं तलाशी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा खेल, कौशल और कृषि में अग्रणी राज्य है। उन्होंने इस दिशा में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए ऑस्ट्रेलिया से सहयोग करने का आग्रह किया। मनोहर लाल ने हरियाणा को निवेश के लिए एक आदर्श गंतव्य बताते हुए ऑस्ट्रेलिया को निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा एक नया विदेश सहयोग विभाग स्थापित किया गया है, जो विदेशी गतिविधियों जैसे व्यापार को बढ़ावा देने, निवेश, शिक्षा, कौशल विकास, पर्यटन और हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए नोडल विभाग के रूप में कार्य कर रहा है।


मनोहर लाल ने कहा कि पिछले छह वर्षों में हरियाणा डिजिटलीकरण की ओर बढ़ा है। हरियाणा को विश्व मानचित्र पर लाने के लिए ईज ऑफ डुइंग बिजनेस, नए उद्योगों की स्थापना के लिए सिंगल-विंडो क्लीयरेंस सिस्टम जैसे कई प्रयास किए गए हैं। ये सभी कदम हरियाणा में निवेशकों को लुभाने के लिए एक बड़ा गेम-चेंजर साबित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बैरी ओ. फ्रेल एओ को अवगत कराया कि सरकार और लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना ‘परिवार पहचान पत्र’ शुरू की गई है। इससे नागरिकों के रिकॉर्ड को डिजिटाइज करने के साथ-साथ जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में भी आसानी होगी।

मुख्यमंत्री ने आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त से हरियाणा और ऑस्ट्रेलिया के युवाओं के लिए ‘यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम’ के आयोजन की संभावनाएं तलाशने का आग्रह किया। इससे न केवल युवा दोनों देशों की संस्कृति को बेहतर तरीके से समझ पांएगे बल्कि द्विपक्षीय संबंधों को भी मजबूती मिलेगी। बैरी ओ. फ्रेल एओ ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार विदेशी निवेश के लिए हरियाणा को पसंदीदा गंतव्य बनाने और क्षेत्र के सामाजिक आर्थिक कल्याण के लिए शिक्षण संस्थानों और प्रवासी हरियाणवियों के साथ मजबूत संबंध सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया कृषि, पशुपालन एवं डेयरी, खेल, कौशल विकास और होटल मैनेजमेंट क्षेत्र में हरियाणा के साथ सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं को सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाएगा। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

बाइडन के दौर में भी चीन के प्रति सख्त ही रहेगी अमेरिका की नीति

Fri Jan 22 , 2021
टोक्यो । जो बाइडन के अमेरिका का राष्ट्रपति बन जाने के बाद एशिया-प्रशांत क्षेत्र में इस बात के कयास बढ़ गए हैं कि अब क्षेत्र में अमेरिकी नीतियों में क्या बदलाव आएगा। जो बाइडन ने चुनाव जीतने के बाद कहा था- अमेरिका इज बैक (यानी डोनाल्ड ट्रंप के चार साल के मनमौजी और अस्थिर नीतियों […]