
इंदौर। इंदौर सहित देश के कई शहरों में कल मौसम बिगड़ा रहा। शाम से रात के बीच कई शहरों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इसके कारण हवाई यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। कल शाम अहमदाबाद और वडोदरा में खराब मौसम के कारण 4 विमान उतर नहीं पाए और इन्हें डायवर्ट कर इंदौर लाना पड़ा। मौसम साफ होने के बाद ये विमान वापस रवाना हुए। इस दौरान यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की मुंबई से अहमदाबाद जा रही फ्लाइट शाम 7.30 बजे डायवर्ट होकर 133 यात्रियों के साथ इंदौर पहुंची। वहीं इंडिगो की किशनगढ़ से अहमदाबाद जा रही फ्लाइट 76 यात्रियों के साथ शाम 7.38 बजे और नासिक से अहमदाबाद जा रही फ्लाइट 70 यात्रियों के साथ शाम 7.50 बजे इंदौर पहुंची। इसी तरह मुंबई से वडोदरा जा रही इंडिगो की फ्लाइट रात 8.41 बजे 182 यात्रियों के साथ इंदौर पहुंची। यह सभी विमान अहमदाबाद और वडोदरा में तेज आंधी और बारिश के कारण उतर नहीं पाने के चलते इंदौर लाए गए थे। मौसम साफ होने के बाद ये सभी विमान डेढ़ से दो घंटे बाद इंदौर से रवाना हुए।
विमान में बैठे परेशान होते रहे यात्री
अधिकारियों ने बताया कि दोनों ही एयरलाइंस द्वारा विमान के यात्रियों को विमान में ही बैठाए रखे जाने के निर्देश दिए गए, क्योंकि मौसम साफ होते ही विमानों को वापस जाना था, लेकिन इस दौरान डेढ़ से दो घंटे सभी यात्री विमान में बैठे परेशान होते रहे। कुछ यात्रियों ने विमान में हंगामा भी किया। एयरलाइंस ने कहा कि अगर वह उतरते हैं तो उन्हें दोबारा विमान में सवार नहीं किया जाएगा। इसके बाद यात्री शांत हुए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved