
इन्दौर भी तरबतर, बादलों की गडग़ड़ाहट… ओलों की बरसात
रविवार। अरब सागर में बने कम दबाव और पश्चिमी विक्षोभ के बाद मौसम के बदले मिजाज के चलते अप्रैल माह में पडऩे वाली प्रचंड गर्मी बारिश में तब्दील हो गई। उत्तर भारत के कई राज्यों सहित मध्यप्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश के साथ हो रही ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में जोरदार बारिश हुई। मध्यप्रदेश के सिवनी में लगभग ढाई इंच बारिश के बाद सडक़ें तालाब में तब्दील हो गई। वहीं छिंदवाड़ा और इन्दौर में ऐसी ही बारिश का नजारा देखने को मिला। इन्दौर में आज सुबह अचानक बादलों की गडग़ड़ाहट के बाद हुई बारिश के साथ सडक़ों पर पानी बह निकला। कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। करीब सवा सात बजे शुरू हुई बारिश लगभग आधे घंटे चली और इसके बाद धूप निकल आई। कल भी कुछ स्थानों पर बादल छाए रहे और लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं।

कहां कितनी बारिश
मध्यप्रदेश के लगभग 23 जिलों में कहीं तेज तो कहीं धीमी बारिश हुई है। सिवनी में 58 मिमी, छिंदवाड़ा में 35.2, जबलपुर में 31.7, नरसिंहपुर में 24, मंडला में 16.4, इन्दौर में 16 मिमी, वहीं बैतूल में 13.6, उमरिया में 11.2, उज्जैन में 9.4, खंडवा में 7 मिमी बारिश हुई। इसी तरह पचमढ़ी, रायसेन, धार, नर्मदापुरम, भोपाल, रतलाम, ग्वालियर, गुना, नौगांव और खजुराहो में भी तेज आंधी के साथ बारिश होने से खुले में रखा लाखों रुपए का अनाज भीग गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved