
बेलग्रेड। सर्बिया (Serbian) की राजधानी बेलग्रेड (Belgrade) में सरकार विरोधी प्रदर्शन (Anti-Government Protests) लगातार तेज होते जा रहे हैं। सोमवार सुबह पुलिस ने शहर में लगाए गए कई सड़क ब्लॉकेड (Blockade) हटा दिए और प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी का सिलसिला जारी रखा। देश में पिछले कई महीनों से राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिच (President Alexander Vucic) की सरकार के खिलाफ नाराजगी दिख रही है, जो अब हिंसक झड़पों का रूप लेती जा रही है।
पुलिस ने सोमवार सुबह बेलग्रेड शहर की सड़कों से प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाए गए बैरिकेड हटा दिए। इन बैरिकेड में धातु की रेलिंग, कचरे के डिब्बे और अन्य सामान शामिल थे, जिन्हें रविवार रात हजारों प्रदर्शनकारियों ने जगह-जगह लगाया था। खासतौर पर सावा नदी पर बने प्रमुख पुल को भी प्रदर्शनकारियों ने अवरुद्ध कर दिया था।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है, हालांकि सटीक संख्या स्पष्ट नहीं की गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि पुलिस की गाड़ियां तेज रफ्तार से बैरिकेड तोड़ती नजर आईं, जिससे लोग घबराकर भागते दिखे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि वे दोबारा सड़कों पर लौटेंगे।
इन प्रदर्शनों की शुरुआत 1 नवंबर को नोवी साद शहर में ट्रेन स्टेशन की छत गिरने की घटना से हुई थी, जिसमें 16 लोगों की जान चली गई थी। लोगों का आरोप है कि सरकारी परियोजनाओं में भ्रष्टाचार और लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। उसी के बाद से राष्ट्रपति वुसिच की सरकार के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।
शनिवार को बेलग्रेड में छात्र संगठनों की अगुवाई में विशाल प्रदर्शन हुआ, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई, जिसमें करीब 50 पुलिसकर्मी और 22 प्रदर्शनकारी घायल हो गए। पुलिस ने दर्जनों लोगों को हिरासत में लिया और कई छात्रों पर देश विरोधी साजिश रचने का आरोप लगाया गया।
सरकार विरोधियों का आरोप है कि राष्ट्रपति वुसिच पिछले एक दशक में सर्बिया में लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं और भ्रष्टाचार व संगठित अपराध को बढ़ावा दे रहे हैं। वहीं, वुसिच इन आरोपों को नकारते हैं। सर्बिया यूरोपीय यूनियन में शामिल होने की प्रक्रिया में है, लेकिन उसकी रूस और चीन के साथ भी करीबी संबंध बने हुए हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved