
भोपाल । मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) की राजधानी भोपाल (Bhopal) में एक भिखारी (Beggar) के खिलाफ एफआईआर दर्ज (FIR) हुई है. पुलिस के मुताबिक राजधानी का अपने आप में यह मामला है. डीसीपी जोन-2 संजय अग्रवाल ने बताया कि एमपी नगर थाने में एक फरियादी आया था जिसने शिकायत दी थी कि बोर्ड ऑफिस चौराहे पर एक भिखारी ने उसका हाथ पकड़कर भीख मांगी थी.
फरियादी ने भिखारी की शारीरिक बनावट देखकर उससे भीख मांगने की वजह पूछी और कहा कि तुम्हारे भीतर कोई शारीरिक समस्या नहीं दिख रही है और तुम कुछ और काम भी कर सकते हो फिर भीख क्यों मांग रहे हो. इसपर भिखारी ने कहा कि वो सिर्फ यही काम करता है और इसी से उसका गुजारा हो रहा है.
इसके बाद फरियादी ने एमपी नगर थाने आकर भिखारी के खिलाफ आवेदन दिया जिसके आधार पर भिखारी के खिलाफ मध्यप्रदेश भिक्षा वृद्धि निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे मौके पर जाकर पकड़ लिया गया है.
लगातार आ रही थीं शिकायतें
पुलिस ने बताया कि लंबे समय से इस तरह की शिकायतें आ रही थीं कि शहर के प्रमुख चौराहों पर सिग्नल लाल होते ही भिखारी रुपए मांगने आ जाते हैं जो देखने से भिक्षा के पात्र नहीं लगते लेकिन वो इस तरह से मजबूर कर देते हैं कि लोगों को भीख देनी पड़ती है. इसी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved