मनोरंजन

एक दिन में 28 गाने गाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुके हैं कुमार सानू, जानिए कैसे हुई उनके करीयर की शुरुवात

बॉलीवुड के मशहूर सिंगर कुमार सानू को आज कौन नहीं जानता है। बॉलीवुड फिल्मों में रोमांटिक गाने गाकर लाखों युवा दिलों की धड़कन बढ़ाने वाले कुमार सानू का जन्म 20 अक्टूबर 1957 को कोलकाता में हुआ था। कुमार सानू का असली नाम केदारनाथ भट्टाचार्य है। कुमार सानू के पिता पशुपति भट्टाचार्य एक तबलावादक और संगीतकार थे। कुमार सानू का रुझान भी संगीत की तरफ हुआ। उन्होंने अपने पिता से तबला और संगीत की शिक्षा भी ली। अपनी स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद कुमार सानू संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाने का सपना लिए मुंबई आ गए। यहां आने के बाद उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अपने संघर्ष के दिनों में कुमार सानू ने कई स्टेज शो किए। 1989 में कुमार सानू की मुलाकात जगजीत सिंह से हुई, उन्होंने उन्हें कल्याणजी-आनंदजी से मिलवाया। वह कुमार सानू की आवाज से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने 1989 में आई फिल्म ‘जादूगर’ में उन्हें गाना गाने का मौका दिया।
इसके बाद कुमार सानू ने पीछे मुड़ कर नहीं देखा। 1990 में विनोद खन्ना की फिल्म ‘जुर्म’ का गाना ‘जब कोई बात बिगड़ जाए’ से उन्हें पहली सफलता मिली। इसी साल एक और फिल्म ‘आशिकी’ आई, जिसमें कुमार सानू ने गीत गाए। इस फिल्म का गाना ‘मैं दुनिया भुला दूंगा’ और ‘तू मेरी जिंदगी है’ ने हर किसी को दीवाना बना दिया। इस फिल्म में कुमार सानू के सारे गाने सुपरहिट रहे और कुमार सानू रातों-रात सुपरस्टार बन गए। लाखों दिलों पर राज करने वाले कुमार सानू ने बॉलीवुड में कई रोमांटिक और हिट गाने दिए है, जिसमें मेरा दिल भी कितना पागल है (साजन), एक लड़की को देखा तो (1942 अ लव स्टोरी), सोचेंगे तुम्हे प्यार (दीवाना), दो दिल मिल रहे हैं (परदेस), इस तरह आशिकी का (इम्तिहान), पास वो आने लगे (मैं अनाड़ी तू खिलाड़ी), दर्द करारा (दम लगाके हईसा) आदी शामिल हैं। कुमार सानू एक मात्र ऐसे गायक है जिन्होंने एक दिन में 28 गाने रिकॉर्ड किए हैं। इसके लिए उनका नाम गिनीज ऑफ द वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ है।
साथ ही कुमार सानू के नाम लगातार पांच सालों 1991 से लेकर 1995 तक फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक पुरस्कार जीतने का रिकॉर्ड भी बनाया है। यह अवार्ड उन्हें 1991 में अब तेरे बिन (आशिकी), 1992 में मेरा दिल भी कितना पागल है (साजन), 1993 में सोचेंगे तुम्हे प्यार (दीवाना), 1994  में ये काली काली आंखें (बाजीगर), 1995  में  एक लड़की को देखा (1942: अ लव स्टोरी) के लिए मिला। कुमार सानू बॉलीवुड के उन चुनिंदा सिंगरों में से है जिनकी आवाज का जादू दर्शकों के बीच हमेशा कायम रहेगा। उन्होंने संगीत की दुनिया में एक अनूठा मकाम हासिल किया है। सोशल मीडिया पर कुमार सानू के फॉलोअर्स की संख्या लाखों में है। 
Share:

Next Post

रोहित शेट्टी की अगली फिल्म 'सर्कस' में पूजा हेगड़े और जैकलीन फर्नांडिस होंगी 

Tue Oct 20 , 2020
रणवीर सिंह की अगली फ‍िल्‍म की घोषणा हो गई है। रोह‍ित शेट्टी की अगली फ‍िल्‍म में रणवीर स‍िंह पहली बार डबल रोल में नजर आएंगे। फ‍िल्‍म का टाइटल ‘सर्कस’ है। फिल्म में रणवीर स‍िंह के साथ जैकलीन फर्नांड‍िस, पूजा हेगड़े और वरुण शर्मा हैं। फिल्म की शूटिंग मुंबई, ऊटी और गोवा में होगी। रोहित शेट्टी […]