
भोपाल । मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी (MP State Congress President Jitu Patwari) ने कहा कि भाजपा सरकार के महंगाई नियंत्रण के दावे (BJP Government’s claims of Controlling Inflation) झूठे साबित (Proved False) ।
पेट्रोल-डीजल के दामों में एक बार फिर हुई बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार के महंगाई कंट्रोल के दावे झूठे साबित हो रहे हैं। मंगलवार को पेट्रोल और डीजल के दामों में दूसरी बार करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक का इजाफा किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि एक बार फिर डीजल-पेट्रोल महंगा हुआ है। सिर्फ चार दिनों में पेट्रोल-डीजल पर 3.90 रुपए प्रति लीटर की मार और भाजपा सरकार अब भी ‘महंगाई कंट्रोल’ के झूठे दावे कर रही है। हर बढ़ती कीमत के साथ हर घर की थाली महंगी, किसान की खेती महंगी, गरीब की रसोई महंगी, और मध्यम वर्ग की जिंदगी मुश्किल। बढ़ती महंगाई का आरोप लगाते हुए जीतू पटवारी ने आगे लिखा कि भाजपा सरकार से जनता पूछ रही है, ‘अच्छे दिनों’ के नाम पर, महंगाई की लूट कब तक चलेगी?
मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और एक्स पोस्ट में लिखा, ”एक और नया दिन, एक और नई मार, नित नए अत्याचार, यही है बीजेपी सरकार।” दरअसल, पश्चिम एशिया के हालात का सीधा असर डीजल पेट्रोल के साथ गैस आपूर्ति पर भी पड़ा है और उसका सीधा असर दामों पर आ रहा है। दुनिया के अन्य देशों में भी पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं और भारत भी उससे अछूता नहीं है। सरकार ने दो बार पेट्रोल और डीजल के दामों में अब तक बढ़ोतरी की है। पहली बार तीन रुपए प्रति लीटर दाम बढ़े थे और अब लगभग 90 पैसे प्रति लीटर दामों में बढ़ोतरी हुई है। इसी बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस भाजपा सरकार पर आरोप लगा रही है कि वह महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह नाकाम रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved