इंदौर। भारत सरकार के निर्देश पर आज से माक ड्रिल के प्रदर्शन और ब्लैकआउट का जो अभियान शुरू हो रहा है, उस संदर्भ में जन जागरण करने के लिए भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मैदान संभाल लिया है। दोनों संगठनों द्वारा व्यापक पैमाने पर जन जागरण अभियान शुरू किया जा रहा है। कल प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस संदर्भ में मंडल अध्यक्ष तक के कार्यकर्ताओं की ऑनलाइन बैठक ली है।
पहलगाम में पाकिस्तान के आतंकवादियों के द्वारा किए गए हमले के बाद से ही देश से यह आवाज उठ रही है कि पाकिस्तान को अब सबक सिखाने का टाइम आ गया है। इस हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह द्वारा जो वक्तव्य दिए गए, उससे भी यह स्पष्ट हो रहा है कि देश की इस आवाज को केंद्र सरकार द्वारा भी स्वीकारा जा रहा है। आज मध्यप्रदेश के इंदौर सहित पांच शहरों में माक ड्रिल और ब्लैकआउट होना है। इसे लेकर कल भाजपा के द्वारा एक ऑनलाइन मीटिंग रखी गई।
इस मीटिंग में इंदौर सहित माक ड्रिल में शामिल सभी पांच शहर के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, शहर अध्यक्ष, शहर इकाई के पदाधिकारी, प्रदेश इकाई के पदाधिकारी और मंडल के सभी अध्यक्ष शामिल थे। इस मीटिंग को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के द्वारा संबोधित किया गया। इस बैठक में सभी पदाधिकारियों को यह निर्देश दिया गया कि अब इस मामले में हमें व्यापक पैमाने पर जन जागरण अभियान चलना है। जनता को यह बताना है कि माक ड्रिल का मतलब क्या होता है? ब्लैकआउट के समय पर किस तरह से अंधेरा होना चाहिए। बिजली कंपनी द्वारा यदि उस समय पर बिजली बंद कर दी जाती है और हम अपने घर का या कार्यालय का जनरेटर या इनवर्टर चलाते हैं तो भी उसका उजाला बाहर नहीं आना चाहिए। जो ब्लैकआउट का सायरन बजता है, उसका क्या मतलब होता है। लंबा सायरन बजे तो उसका क्या आशय है? यदि छोटा सायरन बजे तो उसका क्या आशय है? यह जानकारी हमें जन-जन को देना है। मंडल अध्यक्ष के माध्यम से यह जानकारी वार्ड अध्यक्ष और बूथ प्रभारी तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
सूत्रों ने बताया कि इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी सक्रिय हो गया है। संघ के पदाधिकारियों द्वारा भी कल ऑनलाइन बैठक ली गई। संघ द्वारा अपने सभी अनुवांशि क संगठनों को राष्ट्रहित के इस कार्य में सक्रिय होकर जन जागरण का कार्य करने और समाज के जन-जन तक जानकारी पहुंचाने के कार्य के लिए निर्देशित किया गया है। संघ द्वारा अपनी शाखा और संवाद के माध्यम से यह जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का अभियान शुरू कर दिया गया है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved