
गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने कहा कि भाजपा की विकास यात्रा (BJP’s Development Journey) ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प की सिद्धि की है (Has achieved the resolve of ‘Antyodaya to Rashtra Uday’ ) ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित हिंदू सेवाश्रम भवन की छत पर पार्टी का झंडा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने झंडे के सम्मुख पार्टी पदाधिकारियों के साथ सेल्फी ली और सभी को स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ‘तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें’ “दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर आज जनपद गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ। इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया। भारतीय जनता पार्टी ने ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ मंत्र के साथ उत्तर से दक्षिण, पूरब से पश्चिम, ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को साकार करते हुए अपनी गौरवपूर्ण यात्रा को यशस्वी ढंग से आगे बढ़ाया है। सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई तथा मंगलमय शुभकामनाएं।”
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि भाजपा की विकास यात्रा सत्ता की नहीं, संस्कार की है। विस्तार की नहीं, विचार की है। ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प की सिद्धि की है। भाजपा के स्थापना दिवस पर इससे पहले एक्स पर एक पोस्ट के जरिये सीएम योगी ने कहा, “विश्व के सबसे विशाल राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। भाजपा मात्र एक राजनीतिक संरचना नहीं, बल्कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी और भारत रत्न अटल जी के उदात्त लोकतांत्रिक आदर्शों एवं सात्विक सनातनी जीवन मूल्यों से अभिसिंचित एक जीवंत विचार परंपरा है।”
उन्होंने कहा, “राष्ट्र प्रथम की भावना से ओतप्रोत यह राष्ट्रवादी परिवार आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है, जो सेवा, संस्कार और समर्पण के संकल्प के साथ 145 करोड़ देशवासियों की आशाओं व आकांक्षाओं को निरंतर शक्ति दे रहा है।” गोरखनाथ मंदिर परिसर में पार्टी का झंडा फहराने के अवसर पर सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved