
नई दिल्ली। असम की राजनीति में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। वरिष्ठ नेता और पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा ने पार्टी छोड़ दी है। इसके बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने उन्हें भाजपा में शामिल होने का खुला न्योता दे दिया।
सीएम सरमा ने कहा कि अगर भूपेन बोरा भाजपा में शामिल होते हैं, तो उन्हें सुरक्षित सीट से चुनाव जिताने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि वह मंगलवार शाम को बोरा के आवास पर जाकर उनके भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करेंगे। हालांकि, सरमा ने स्पष्ट किया कि अब तक बोरा या भाजपा के बीच किसी प्रकार की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष बातचीत नहीं हुई है।
मुख्यमंत्री सरमा ने बोरा को लेकर कहा कि वह कांग्रेस में आखिरी हिंदू नेता थे जिनका कोई राजनीतिक पारिवारिक बैकग्राउंड नहीं था। उन्होंने कांग्रेस पर साधारण परिवारों से आने वाले नेताओं को महत्व न देने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा आम परिवार से आने वाले लोगों को आगे बढ़ने का अवसर देती है। सर्मा ने कहा कि अगर वह भाजपा में शामिल होना चाहते हैं तो उनका स्वागत है, और अगर नहीं भी करना चाहते हैं, तो भी हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved