
नई दिल्ली। अयान मुखर्जी (Ayan Mukerji’s)की बहुप्रतीक्षित फिल्म(anticipated film) ब्रह्मास्त्र 2(Brahmastra 2) को लेकर फैंस की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। साल 2022 में रिलीज हुई ब्रह्मास्त्र पार्ट वन शिवा ने भारतीय सिनेमा में अस्त्रों की एक अलग फैंटेसी दुनिया पेश की थी और फिल्म की कहानी के अंत ने दर्शकों के सामने कई सवाल छोड़ दिए थे। अब इसके सीक्वल को लेकर सामने आ रही खबरों ने फिल्म की चर्चा और तेज कर दी है। सबसे ज्यादा ध्यान इसके संभावित बजट पर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ब्रह्मास्त्र 2 पर करीब 550 करोड़ रुपये खर्च किए जा सकते हैं। हालांकि यह आंकड़ा अभी आधिकारिक तौर पर कन्फर्म नहीं हुआ है और इसे फिलहाल रिपोर्ट्स के तौर पर ही देखा जा रहा है।
ब्रह्मास्त्र के पहले पार्ट का बजट करीब 375 से 410 करोड़ रुपये के बीच बताया गया था। ऐसे में अगर दूसरे पार्ट के लिए 550 करोड़ रुपये का निवेश होता है तो यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल हो सकती है। इतने बड़े बजट के पीछे सबसे बड़ी वजह फिल्म का बढ़ता स्केल और विजुअल इफेक्ट्स बताए जा रहे हैं। मेकर्स एस्ट्रावर्स को पहले पार्ट से कहीं ज्यादा विस्तृत और भव्य रूप में पेश करने की तैयारी में हैं। कहानी के साथ शानदार विजुअल्स और बड़े एक्शन सीक्वेंस फिल्म की खासियत बन सकते हैं।
रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि फिल्म को लेकर जियो स्टूडियोज और मेकर्स के बीच बड़े निवेश को लेकर बातचीत चल रही है। अगर यह डील फाइनल होती है तो ब्रह्मास्त्र 2 का बजट चर्चा का बड़ा विषय बन सकता है। फिल्म की कहानी को लेकर भी माना जा रहा है कि इस बार देव का किरदार केंद्र में होगा। पहले पार्ट के अंत में देव की झलक ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी थी और अब इसी रहस्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
रणबीर कपूर की भूमिका भी सीक्वल की सबसे बड़ी चर्चाओं में शामिल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रणबीर कपूर फिल्म में शिवा और देव दोनों किरदारों में नजर आ सकते हैं। अगर यह जानकारी सही साबित होती है तो दर्शकों को पहली बार दोनों किरदारों के बीच सीधा टकराव देखने को मिल सकता है। हालांकि रणबीर के डबल रोल को लेकर भी अभी मेकर्स की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
आलिया भट्ट की वापसी को लेकर भी फैंस के बीच काफी उत्साह है। माना जा रहा है कि वह एक बार फिर ईशा के किरदार में दिखाई देंगी। वहीं दीपिका पादुकोण को लेकर भी लंबे समय से अटकलें चल रही हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दीपिका फिल्म में अमृता का किरदार निभा सकती हैं जो देव की कहानी से जुड़ा हुआ है। पहली फिल्म में दीपिका की एक छोटी झलक दिखाई गई थी लेकिन सीक्वल में उनकी भूमिका को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
फिल्म की शूटिंग को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक रणबीर कपूर नितेश तिवारी की रामायण पार्ट 2 का काम पूरा करने के बाद अप्रैल 2027 के आसपास ब्रह्मास्त्र 2 की शूटिंग शुरू कर सकते हैं। फिलहाल फिल्म की स्क्रिप्ट और प्री-प्रोडक्शन से जुड़ा काम आगे बढ़ने की खबरें हैं।
ब्रह्मास्त्र पार्ट वन शिवा ने दुनियाभर में करीब 410 से 429 करोड़ रुपये की कमाई की थी। हालांकि इसके बड़े बजट को देखते हुए फिल्म को उम्मीद के मुताबिक बड़ा मुनाफा देने वाली फिल्म नहीं माना गया। ऐसे में अगर ब्रह्मास्त्र 2 पर वास्तव में 550 करोड़ रुपये खर्च होते हैं तो बॉक्स ऑफिस पर फिल्म के सामने उम्मीदों का दबाव भी काफी बढ़ जाएगा। इतनी बड़ी लागत की भरपाई के लिए फिल्म को मजबूत कहानी शानदार विजुअल्स और दमदार किरदारों के साथ दर्शकों को बड़े स्तर पर आकर्षित करना होगा। फिलहाल फैंस की नजरें देव की कहानी रणबीर के संभावित डबल रोल और दीपिका की एंट्री की आधिकारिक पुष्टि पर टिकी हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved