
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने कहा कि सिख गुरुओं (Sikh Gurus) ने राष्ट्र की रक्षा की लौ को जलाए रखा (Kept Flame of defending nation Alive) ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर दिल्ली के लोक निवास में आयोजित विशेष शबद कीर्तन में शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने यहां आयोजित शबद कीर्तन और गुरुवाणी का श्रवण किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इस पवित्र माहौल में मैं गुरु नानक जी के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। मैं प्रकाश पर्व के अवसर पर सभी नागरिकों को बधाई देता हूं। गुरु पर्व के इस पावन अवसर पर शबद कीर्तन में शामिल होने का मौका देने के लिए मैं एलजी तरनजीत सिंह संधू का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।” प्रधानमंत्री ने कहा, “राष्ट्र और उसकी संस्कृति के लिए सब कुछ न्योछावर कर देने की भावना पूरी सिख परंपरा की पहचान रही है। भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी यह विरासत बिना किसी रुकावट के जारी रही। भारत ने सदियों तक विदेशी शासन झेला है। देश के इतिहास के सबसे कठिन दौर में भी हमारे गुरुओं ने राष्ट्र की रक्षा की लौ को जलाए रखा। आज जब हम विकसित भारत के विजन सहित बड़े राष्ट्रीय लक्ष्यों की दिशा में काम कर रहे हैं, तो यह सफर केवल हमारे गुरुओं की शिक्षाओं और आदर्शों से मिलने वाली प्रेरणा और शक्ति के जरिए ही पूरा किया जा सकता है।”
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में नशे की समस्या पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “नशा आज हमारे समाज के सामने मौजूद एक बड़ी चुनौती है। जब कोई युवा नशे की लत का शिकार हो जाता है, तो पूरे परिवार के सपने टूट जाते हैं। यह जरूरी है कि देश का हर युवा नशे से दूर रहे, अपने सपने पूरे करे, शिक्षा हासिल करे, जीवन में आगे बढ़े और अपने परिवार तथा देश का नाम रोशन करे। इस प्रयास में परिवारों की भी बहुत अहम भूमिका है।” प्रधानमंत्री ने कहा, “इस पवित्र माहौल में मैं गुरु नानक देव जी को नमन करता हूं। प्रकाश पर्व के अवसर पर मैं देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।” लोक निवास में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर आयोजित शबद कीर्तन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, एलजी तरनजीत सिंह संधू, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। लोक निवास में आयोजित यह कार्यक्रम गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित रहा। प्रधानमंत्री मोदी का लोक निवास पहुंचना भी खास रहा। यह पहली बार था जब कोई प्रधानमंत्री दिल्ली लोक निवास यानी उपराज्यपाल के आवास पर आयोजित इस तरह के कार्यक्रम में पहुंचा हो। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने भी अपने संबोधन में इसका उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संगत की ओर से प्रधानमंत्री का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर इस कार्यक्रम में शिरकत की। मुझे बताया गया है कि इससे पहले दिल्ली के लोक निवास में कभी किसी प्रधानमंत्री ने ऐसे कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया है। उनका यहां आना दिल्ली के लोगों, खासकर सिख संगत के लिए बहुत गर्व की बात है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved