
सुपौल। बिहार के सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ही घर में पांच लोगों के शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। सभी शव फंदे से लटके हुए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है।पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राघोपुर थाने के गद्दी गांव निवासी मिश्रीलाल साह के घर से पांच शव बरामद किए गए हैं। मृतकों में साह, उनकी पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं।
जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं। कुमार ने आईएएनएस को बताया कि साह तीन भाई हैं, लेकिन इनकी दो भाईयों से भी बात नहीं होती थी। पूरा परिवार घर में ही कैद रहता था।उन्होंने कहा कि प्रथम ²ष्टया मामला आत्महत्या का लगता है।
आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चला है। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों में साह और उनकी पत्नी तथा तीन बच्चे हैं। बच्चों में दो लड़कियां और एक लड़का है। उन्होंने कहा कि विस्तृत छानबीन के बाद ही मामले की हकीकत सामने आ पाएगी। उन्होंने कहा कि आसपास के लोग बताते हैं कि यह परिवार घर से काफी कम निकलता था। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved