
भोपाल। मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित वृंदावन मैरिज गार्डन में संगीत कार्यक्रम में दुल्हन की मां का पर्स किसी अज्ञात चोर ने चुरा लिया। घटना गत 18 जनवरी की है। पुलिस ने उक्त मामले में चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन मैरिज गार्डन में जिस जगह वारदात हुई वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं थे। पुलिस शादी की वीडियोग्राफी चेक कर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। एएसआई मानसिंह चौहान ने बताया कि डॉक्टर रजत सक्लेचा (63) शक्ति नगर गोविंदपुरा में रहते हैं। उनकी बेटी की शादी थी। गत 18 जनवरी को वृंदावन गार्डन में शादी का कार्यक्रम था। संगीत कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान किसी ने डॉक्टर सकलेचा की पत्नी का पर्स चुरा लिया। पर्स में नगदी और जेवरात थे। हालांकि कितनी जेवरात और नगदी थी वह सकलेचा बता नहीं सके। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो पता चला कि मैरिज गार्डन में जिस जगह कार्यक्रम आयोजित किया गया था वहां कंस्ट्रक्शन वर्क हो रहा था और कैमरे बंद कर ढक दिए गए थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved