
इंदौर। अरबिंदो पर चल रहे फ्लायओवर के काम और सर्विस रोड की मरम्मत के चलते किए गए डायवर्जन के मोड़ पर कल सुबह एक ट्रक खराब हो गया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। ट्रक सुबह खराब हुआ और करीब दोपहर 12 बजे तक उसी स्थिति में सड़क पर खड़ा रहा। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद पहुंची यातायात की टीम ने व्यवस्था दुरुस्त करवाई।
निर्माण कार्य के चलते यहां हर दिन यातायात से जुड़ी समस्या सामने आ रही है। कल डायवर्जन के मुख्य मोड़ (लेफ्ट टर्न) रही ट्रक के खराब होने और वहीं खड़े रह जाने से स्थिति और बिगड़ गई। ट्रक के कारण वाहन आसानी से लेफ्ट टर्न नहीं ले पाए और वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिसमें बड़े वाहन से लेकर कार और दो पहिया तक शामिल थे। ऐसे में यातायात बेहद धीमा हो गया और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान निर्माण एजेंसी से संबंधित एक मात्र मार्शल यहां तैनात होकर स्थिति संभालने के लिए जूझता नजर आया। स्थिति से परेशान एक नागरिक की वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना के बाद यातायात पुलिस के जिम्मेदार यहां पहुंचे और ट्रक को हटवाया, जिससे लेफ्ट टर्न बाधामुक्त हुआ और यातायात फिर से सुचारू हो सका।
…इधर सत्यसाईं से विजयनगर तक रोज वाहन चालक परेशान
दूसरी तरफ शहर के कई क्षेत्र में चल रहे कामों के चलते वाहन चालकों की फजीहत है। सत्यसाईं पर चल रहे फ्लायओवर के काम ने भी वाहन चालकों को मुश्किल में डाल रखा है। सत्यसाईं से विजयनगर तक आने के लिए अब एक ओर केवल सिंगल लेन बची है, जिसके चलते यहां भी यातायात रेंगता हुआ चलता है, जबकि यहां दिनभर भारी यातायात दबाव रहता है। फ्लायओवर निर्माण कार्य के चलते लगे शेड के कारण सड़क संकरी हो गई है और यहां यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है। इस रोड पर बड़ी मॉल, होटल, बिल्डिंग्स हैं, जहां ऑफिस और खानपान की दुकानें संचालित होती हैं। दिनभर यहां लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के अनुसार, कई दो पहिया वाहन चालक अपने दो पहिया सड़क पर ही खड़े कर देते हैं, जिससे रास्ता और बाधित हो जाता है।
विशेष पेट्रोलिंग टीमों की निगाह यहां नहीं
यातायात पुलिस का दावा है कि उनकी विशेष पेट्रोलिंग टीमें लगातार शहर में भ्रमण कर रास्ता बाधित करते वाहनों को हटवाती है और उन पर नो पार्किंग का जुर्माना लगाती है, लेकिन यहां सड़क पर खड़े दो पहिया पर इन विशेष पेट्रोलिंग टीमों की नजर नहीं पहुंच रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved