
- आधा दर्जन से अधिक पीडि़तों ने की शिकायत, तीन माहीने बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
भोपाल। सूखीसेवनिया थाना इलाके में स्थित पिपरिया जाहिरपीर में बिल्डर ने अजब कारनामा किया है। उसने अपनी जमीन में प्लॉटिंग की और बेचे गए प्लॉटों का पजेशन पड़ोस के किसान की जमीन में दे दिया। पीडि़तों को धोखाधड़ी की भनक लगते ही उन्होंने थाने में शिकायत की। वहीं पड़ोसी किसान ने भी मामले की शिकायत थाने में कर दी है। शिकायत को तीन महीने बीत जाने के बाद भी पीडि़तों को न्याय नहीं मिला है। वहीं पुलिस जांच की बात कहकर मामले से पड़ला झाड़ रही है।
छत्रपाल सिंह यादव ने बताया कि उनकी पिपरिया जाहिरपीर में दो एकड़ जमीन है। पड़ोस की ही जमीन पर राहुल जायसवाल व उसके साथी प्लॉटिंग कर रहे हैं। दोनों जमीनों के बीच अपनी-अपनी फै नसिंग है। आरोपियों ने पिछले दिनों आधा दर्जन से अधिक लोगों को प्लॉट बेचे। उक्त प्लॉटों की रजिस्ट्री तो आरोपियों ने अपनी ही जमीन की कराई पर पजेशन उनकी जमीन के कुछ हिस्से में दे दिया। इतना ही नहीं आरोपियों ने उनकी जमीन की बाउंड्री भी पिछले दिनों बिना इजाजत तोड़ दी। जिसकी शिकायत थाना सूखी सेवनिया में की थी। जिन फरियादियों को जमीन का गलत पजेशन दिया गया उन्होंने भी थाने में शिकायत की। हालांकि पुलिस ने कोई कार्रावाई नहीं की। वहीं थाना प्रभारी विजय बहादुर सिंह सेंगर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।