
इंदौर। आज सुबह नगर निगम की टीम ने हिम्मत नगर पालदा में कान्ह नदी के हिस्से की जमीन पर अवैध कालोनी के निर्माणों को ढहा दिया। कई दिनों से वहां अलग-अलग हिस्सों में नदी के किनारे खाली पड़ी जमीन को कवर किया जा रहा था। नगर निगम द्वारा शहर के तालाबों, नदी-नालों के आसपास हुए कब्जों को हटाने की कार्रवाई का अभियान शुरू किया गया है। इसके लिए निगम की अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शहर के कई तालाबों और नालों के आसपास बड़े पैमाने पर लोगों द्वारा एनजीटी के नियम-कायदों को दरकिनार कर नदी-नालों की जमीनों के परिक्षेत्र में ही निर्माण कर लिए गए हैं।
कल सिरपुर तालाब में बनाई गई 100 फीट लंबी बाउंड्रीवाल भी तोड़ी गई थी। नगर निगम अधिकारियों को कई लोगों ने इस मामले में शिकायत की थी। जब अधिकारी जांच के लिए पहुंचे तो वहां नदी के हिस्से की जमीन पर अवैध निर्माण पाया गया था। अधिकारियों के मुताबिक समीप ही अवैध रूप से कालोनी का निर्माण किया जा रहा है। इसी कालोनी के समीप नदी के हिस्से को भी कवर करते हुए कई निर्माण कार्य कर लिए गए थे। आज सुबह निगम अधिकारी अश्विन जनवदे और निगम के अफसरों की टीम रिमूवल अमला लेकर क्षेत्र में पहुंची। कार्रवाई के दौरान वहां किए गए अवैध निर्माणों को ढहा दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि शहर में नदी-नालों के आसपास हुए अवैध निर्माणों को ढहाने की कार्रवाई का अभियान लगातार चलाया जाएगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved