img-fluid

Canada: अल्बर्टा के सैन्य अड्डे पर लगी भीषण आग….4 सैनिकों की मौत…39 घायलों में 19 की हालत गंभीर

October 19, 2026

ओटावा। कनाडा (Canada) के अल्बर्टा प्रांत ( Alberta Province) की प्रमुख डेनियल स्मिथ (Daniel Smith) ने बताया कि एक सैन्य अड्डे पर भीषण आग लगने के बाद 39 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कम से कम 19 लोगों की हालत गंभीर है। स्मिथ ने रविवार को बताया कि घायलों को कनाडाई सैन्य अड्डे वेनराइट (Canadian Military Base Wainwright) से अल्बर्टा के चार अस्पतालों में भेजा गया है। कुछ लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं। उन्हें कई सप्ताह या महीनों तक गहन इलाज की जरूरत पड़ सकती है। इससे पहले प्रधानमंत्री मार्क कार्नी (Prime Minister Mark Carney) ने पुष्टि की थी कि आग में चार सैन्यकर्मियों की मौत हो गई। यह आग शनिवार को सैन्य प्रशिक्षण के दौरान लगी थी। उन्होंने इसे कनाडा की सेना के लिए देश की धरती पर शांतिकाल की सबसे भीषण त्रासदियों में से एक बताया।

कनाडाई सेना ने क्या कहा?
शनिवार देर रात तेज हवाओं के बीच दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। तेज हवाओं के कारण आग कनाडाई सैन्य अड्डे वेनराइट से बाहर निकलकर आसपास के ग्रामीण इलाकों तक फैल गई। कनाडाई सेना ने रविवार को कहा कि इस घटना के पीछे आतंकवाद होने का कोई संकेत नहीं मिला है। हालांकि, आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
विज्ञापन


  • प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने क्या कहा?
    कार्नी ने टेलीविजन पर दिए गए संबोधन में कहा कि मारे गए सैन्यकर्मियों के परिवारों को इसकी सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि स्थिति लगातार बदल रही है। कार्नी ने बताया कि शनिवार को आग लगने के समय मारे गए और घायल हुए सैन्यकर्मी प्रशिक्षण में हिस्सा ले रहे थे।

    उन्होंने कहा कि इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के सम्मान में पूरे देश में संघीय सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। कार्नी ने बताया कि प्रभावित लोगों में आरक्षित (रिजर्व) सैन्यकर्मी और कनाडा की सबसे प्रसिद्ध सैन्य रेजिमेंट में से एक, प्रिंसेस पेट्रीशिया की कैनेडियन लाइट इन्फैंट्री के सैनिक शामिल हैं। ये सैन्यकर्मी प्रशिक्षण के लिए देशभर के अलग-अलग सैन्य अड्डों से वेनराइट आए थे।

    मेयर पद की उम्मीदवार का बेटा भी घायल
    ओंटारियो में मेयर पद की उम्मीदवार कैथी कीन ने बताया कि गंभीर रूप से घायल सैन्यकर्मियों में उनका बड़ा बेटा भी शामिल है। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, एक मां के तौर पर इस समय मुझे अपने बेटे और परिवार के साथ रहने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि वह अल्बर्टा जा रही हैं।

    रक्षा मंत्री ने क्या कहा?
    रक्षा मंत्री डेविड मैकगिंटी ने कहा कि घटना की जांच में रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) भी शामिल है। उन्होंने कहा, स्थिति’बहुत ही सक्रिय और संवेदनशील’ है। अधिकारी अभी यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्या हुआ था। उन्होंने आगे की जानकारी जल्द देने की उम्मीद जताई। मैकगिंटी ने रविवार को बताया कि वह ताजा घटनाक्रम की जानकारी लेने के लिए एडमंटन जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेना अल्बर्टा सरकार और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है।

    अस्पतालों में आपात स्थिति क्यों घोषित करनी पड़ी?
    आग के बाद बड़ी संख्या में घायल लोगों को अस्पतालों में पहुंचाया गया, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर भारी दबाव पड़ा। अल्बर्टा के कई अस्पतालों ने ‘कोड ऑरेंज’ घोषित किया। इसका मतलब है कि बड़ी संख्या में गंभीर रूप से घायल लोगों के इलाज के लिए आपात व्यवस्था करनी पड़ रही है। एडमंटन के रॉयल एलेक्जेंड्रा अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सक वॉरेन थिर्स्क ने बताया कि घायलों की संख्या इतनी अधिक थी कि शहर के अस्पतालों पर असाधारण दबाव पड़ गया। एडमंटन क्षेत्र में एंबुलेंस की उपलब्धता भी बेहद कम हो गई थी। अधिकारियों ने लोगों से संभव होने पर यूनिवर्सिटी ऑफ अल्बर्टा अस्पताल के आपातकालीन विभाग में जाने से बचने की अपील की। वैनराइट के मेयर ब्रूस प्यू ने कहा कि स्थानीय अस्पताल इतनी बड़ी आपदा से निपटने के लिए नहीं बना था। घायलों को हेलीकॉप्टर और विमानों से दूसरे अस्पतालों में भी भेजा गया।

    आग से स्थानीय प्रशासन और मतदान व्यवस्था पर क्या असर पड़ा?
    हादसे के बाद अल्बर्टा को दूसरे प्रांतों से मदद की पेशकश की गई। सस्केचेवान के प्रीमियर स्कॉट मो ने सहायता भेजने की घोषणा की। अल्बर्टा की प्रीमियर डेनियल स्मिथ ने घटना को गंभीर और दुखद बताया। प्रधानमंत्री कार्नी ने आग बुझाने में जुटे दमकलकर्मियों और बचाव दलों की सराहना की। कनाडा की विपक्षी कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोइलिव्रे ने भी प्रभावित लोगों के प्रति समर्थन जताया और लोगों से आपात निर्देशों का पालन करने तथा बचाव दलों के लिए सड़कें खाली रखने की अपील की। इस आग का असर सोमवार को होने वाले अल्बर्टा के जनमत संग्रह से पहले मतदान पर भी पड़ा। वैनराइट कम्यूनिप्लेक्स में अग्रिम मतदान केंद्र शनिवार को समय से पहले बंद करना पड़ा। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि मतपत्र और मतदान सामग्री सुरक्षित तरीके से दूसरी जगह पहुंचा दी गई। मतदाताओं के लिए लॉयडमिंस्टर और वर्मिलियन के मतदान केंद्रों को वैकल्पिक विकल्प के रूप में बताया गया।

    Share:

  • फ्रांस में हिंसक प्रदर्शनों और गिरफ्तारियों के बीच ट्रंप ने मैक्रों से की बड़ी अपील, सीमाओं को लेकर क्या कहा?

    Mon Oct 19 , 2026
    नई दिल्ली । फ्रांस (France) में महंगाई, शिक्षा व्यवस्था और सरकारी सेवाओं की स्थिति को लेकर शुरू हुए विरोध प्रदर्शन 17 और 18 अक्टूबर को हिंसक (Violent) घटनाओं में बदल गए। कई शहरों में तोड़फोड़, दुकानों में लूटपाट और आगजनी की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved