
भोपाल। हवाओं का रुख बदलने से वातावरण में अरब सागर से कुछ नमी मिलने लगी है। इससे ऊंचाई के स्तर पर आंशिक बादल छाने लगे है। जिसके कारण राजधानी के दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। जिससे दिन में ठंडक से राहत है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दो दिन बाद न्यूनतम तापमान में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है। शुक्रवार को यह 27.8 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार के मुकाबले इसमें 2.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। दिन में धूप भी निकली, जिससे सुबह 11:30 बजे ही पारा 24 डिग्री पार पहुंच गया था। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि तेलंगाना और उसके आसपास एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से हवा का रुख बार-बार बदलने लगा है। सुबह के समय कुछ समय के लिए हवा का रुख उत्तर-पूर्वी से बदलकर दक्षिण-पूर्वी हो गया था। उत्तर से आ रही सर्द हवा के कारण शहर में रात में मौसम के तेवर ठंडे बने हुए हैं। रात का तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया। शाम ढलते ही ठंडी हवा के चलने का सिलसिला भी जारी है। मौसम वैज्ञानिक एवं ड्यूटी ऑफिसर पीके साहा ने बताया कि अगले दो दिन और ऐसी ही ठंड पड़ेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved