
मुंबई। मुंबई (Mumbai) में शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत (Shiv Sena (UBT) MP Sanjay Raut) के घर के बाहर एक कार खड़ी मिली, जिसके विंडो के शीशे पर बम की धमकी (Bomb threat) वाला मैसेज लिखा था। इसके बाद बम डिटेक्शन कर्मियों ने उनके घर की तलाशी ली। उन्होंने बताया कि भांडुप इलाके में राउत के घर की तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। एक अधिकारी के अनुसार, वैगनआर कार की खिड़की पर धूल पर एक नोट लिखा मिला, जिसमें लिखा था “आज होगा हंगामा रात 12 बजे बम ब्लास्ट।”
राज्यसभा सांसद राउत के समर्थकों ने तुरंत पुलिस को बम की धमकी वाले मैसेज के बारे में बताया। अधिकारी के अनुसार, बाद में बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (BDDS) के कर्मी मौके पर पहुंचे और राउत के बंगले की अच्छी तरह से जांच की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। उन्होंने बताया कि खड़ी कार को जब्त कर लिया गया है और पुलिस धमकी भरे मैसेज के सिलसिले में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में है।
इससे पहले सितंबर महीने में भी मुंबई को उड़ाने की धमकी दी गई थी। तब मुंबई पुलिस ने यूपी के नोएडा से एक शख्स को गिरफ्तार किया था। नोएडा के अश्विनी कुमार सुपरा ने 400 किलो से ज्यादा RDX का इस्तेमाल करके ह्यूमन बम से मुंबई को उड़ाने की धमकी दी थी,। इसके बाद हड़कंप मच गया था। मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने उत्तर प्रदेश के नोएडा से 50 साल के अश्विनी को गिरफ्तार करके मुंबई की एक कोर्ट में पेश किया था।वॉट्सऐप मैसेज के जरिए धमकी दी गई थी कि मुंबई में 14 आतंकी घुस गए हैं और 34 गाड़ियों में 400 किलो आरडीएक्स लगा दिया है। इसके पहले भी मुंबई पुलिस को ऐसे मैसेज मिलते रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved