
भोपाल। चंद्रयान-3 मिशन (chandrayaan-3 mission) को लेकर पूरी दुनिया की निगाहें इसरो पर हैं। इस बीच, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान(इसरो) ने एक और नया वीडियो पोस्ट किया है। साथ ही एजेंसी ने यह भी बताया है कि चंद्रयान अपने पूर्व निर्धारित समय पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड (Land on the South Pole of the Moon) करेगा। इसरो ने चंद्रयान के ‘लैंडर इमेजर कैमरा 4’ से ली गई तस्वीरें एक छोटे से वीडियो के माध्यम से ट्वीट कर जारी की हैं। इसरो द्वारा जारी किए गए वीडियो में चांद की सतह एकदम साफ दिख रही है। इसमें जगह-जगह गड्ढे भी दिख रहे हैं। इसरो ने बताया है कि ये तस्वीरें बीते रविवार यानी 20 अगस्त को ली गई थीं।
चंद्रयान-3 का लैंडर 23 अगस्त को शाम 6:04 बजे चंद्रमा पर लैंड करेगा। मध्य प्रदेश के सभी स्कूलों में चंद्रयान-3 की लैंडिंग लाइव (Chandrayaan-3 landing live) दिखाई जाएगी। इसके लिए स्कूलों में बुधवार को शाम साढ़े पांच से साढ़े छह बजे तक विशेष सभा का आयोजित कर लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों को उपस्थित रहना होगा। इसको लेकर मंगलवार को लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक केके द्विवेदी ने निर्देश जारी कर दिए हैं।
लोक शिक्षण संचालनालय के जारी निर्देश में कहा गया है कि भारत के चंद्रयान-3 मिशन अंतरिक्ष अन्वेषण की खोज में एक मील का पत्थर है। यह मिशन भारतीय विज्ञान, इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी एवं उद्योग के साथ ब्रांड इंडिया के लिए भी एक बड़ा कदम है। भारत का मून मिशन यानी चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर लैंडिंग एक यादगार अवसर है जो विद्यार्थियों के मन में अंतरिक्ष विज्ञान अन्वेषण के लिए जिज्ञासा को बढ़ावा देगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के मन में राष्ट्रीय गर्व एवं एकता की भावना उत्पन्न होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस अवसर पर साक्षी बनेंगे। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बुधवार की शाम 5.27 से प्रारंभ होगा।
प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) को निर्देशित किया गया है कि शाम 5.27 से 6.30 तक की विशेष सभा आयोजित एवं लाइव प्रसारण की व्यवस्था कर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की शामिल करने के लिए अपने जिले के स्कूलों के सभी प्राचार्यों को निर्देशित करें, जो विद्यार्थी 23 अगस्त को लाइव प्रसारण नहीं देख पाएंगे। ऐसे विद्यार्थियों के लिए 24 अगस्त को उपरोक्त कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग दिखाने की व्यवस्था करें।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved