
कोलकाता । चंद्रिमा भट्टाचार्य (Chandrima Bhattacharya) ने टीएमसी प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी पदों से (From all posts including TMC State President) इस्तीफा दे दिया (Has Resigned) । उन्होंने पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को पत्र लिखकर अपने फैसले की जानकारी दी।
अपने इस्तीफे में चंद्रिमा भट्टाचार्य ने लिखा कि वह 3 जून 2026 को कालीघाट में हुई बैठक में उन्हें सौंपे गए अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रही हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वह वर्तमान में पार्टी में संभाल रहे सभी अन्य पदों से भी अपना इस्तीफा दे रही हैं। उन्होंने पत्र में यह भी कहा कि वह अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस और उससे जुड़े अन्य संगठनों के विभिन्न बैंक खातों की अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता (ऑथराइज्ड सिग्नेटरी) के रूप में अपनी जिम्मेदारी वापस ले रही हैं।
इसके अलावा उन्होंने खुद को भारत निर्वाचन आयोग के समक्ष पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी की अधिकृत प्रतिनिधि (ऑथराइज्ड पर्सन) के रूप में भी वापस लेने की घोषणा की। चंद्रिमा भट्टाचार्य ने अपने पत्र के अंत में ममता बनर्जी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए लिखा कि उनके मन में हमेशा उनके लिए सर्वोच्च सम्मान रहेगा और भविष्य में भी वह उनका सम्मान करती रहेंगी।
चंद्रिमा भट्टाचार्य का यह इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब कुछ सप्ताह पहले ही उन्हें उत्तर 24 परगना जिले की दमदम उत्तर विधानसभा सीट पर चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। इस सीट पर उन्हें 76,880 वोट मिले थे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार सौरव सिकदार ने उन्हें 26,404 मतों के अंतर से पराजित किया था। चंद्रिमा की व्यक्तिगत हार टीएमसी के राज्यव्यापी खराब प्रदर्शन का भी प्रतीक रही। विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस महज 80 सीटों पर सिमट गई, जबकि 293 विधानसभा सीटों में से 207 सीटें जीतकर भाजपा ने राज्य में सरकार बना ली।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved