
आसनसोल: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के दौरान सोमवार को आसनसोल में हिंसा भड़क गई. आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित काउंटिंग सेंटर पर अचानक विवाद बढ़ गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और हालात को संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.
जानकारी के अनुसार, काउंटिंग सेंटर पर मौजूद पोलिंग एजेंटों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई. विवाद इतना बढ़ गया कि वहां कुर्सियों और वाहनों में तोड़फोड़ शुरू हो गई.
स्थिति बिगड़ते देख सुरक्षा बलों ने तुरंत मोर्चा संभाला और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया. आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कमिश्नर प्रणव कुमार ने बताया कि उपद्रवियों ने एक राजनीतिक दल के कैंप को निशाना बनाया. उन्होंने कहा कि तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
यह हिंसा ऐसे समय पर हुई है, जब राज्य में चुनावी मुकाबला काफी कड़ा है और रुझान तेजी से बदल रहे हैं. शुरुआती आंकड़ों में भारतीय जनता पार्टी बहुमत के आंकड़े को पार करती दिख रही है, जिससे ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved