
इन्दौर। शहरी विकास मंत्रालय भारत सरकार की संयुक्त सचिव रूपा मिश्रा ने कल रात को निचली बस्ती पतरे की चाल में एक फैशन शो देखा। इस फैशन शो में 15 वर्ष की उम्र तक के 15 बच्चों द्वारा वेस्ट मटेरियल के कपड़े पहनकर रैंप पर कैटवॉक किया गया। इस कार्यक्रम को देखकर वे आश्चर्य चकित हो गईं। उन्होंने इन बच्चों और नगर निगम की खूब तारीफ की। मिश्रा 2 दिन के दौरे पर कल ही इंदौर पहुंची हैं। कल उन्होंने कंचनबाग रोड स्थित कचरा कलेक्शन सेंटर का दौरा किया और वहां की स्थिति को देखा। इसके बाद में राजकुमार मिल रेलवे ओवरब्रिज के नीचे नगर निगम द्वारा चलाए जाने वाले कचरे के विभिन्न उपयोग के केंद्रों का दौरा किया ।
फिर वहीं पर स्थित सब्जी मंडी का भी दौरा किया। इसके बाद में वह पतरे की चाल का दौरा करने के लिए पहुंचीं। निगम आयुक्त शिवम वर्मा और अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा द्वारा उन्हें दौरा कराया गया। इस दौरे के दौरान पतरे की चाल में उनके समक्ष बच्चों द्वारा फैशन शो किया गया। इस फैशन शो में बच्चों ने पॉलीथिन की थैली, गत्ते, दीपावली और क्रिसमस के वेस्ट मटेरियल जैसे कहे जाने वाले सामान से बने हुए कपड़े पहन रखे थे। इन कपड़ों को पहने हुए बच्चे रैंप पर आए और उन्होंने कैटवॉक किया। यह सभी बच्चे इसी बस्ती में रहने वाले थे। संयुक्त सचिव रूपा मिश्रा ने इन बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने नगर निगम द्वारा लिए गए इनिशिएटिव की प्रशंसा की। इस बस्ती में बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर जाकर उन्होंने बस्ती वालों के साथ सेल्फी भी ली।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved