
इंदौर। जनपद पंचायत और जिला पंचायत के चुनाव के बाद अब नगर परिषद, यानी नगर पंचायतों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया जाना है। संभवत: आज यह कार्यक्रम घोषित किया जा सकता है और अगस्त के पहले सप्ताह में निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
6 जुलाई को नगर निगम के साथ-साथ नगर पंचायतों के परिणामों की घोषणा भी कर दी गई थी। इंदौर में आठ नगर पंचायतें हैं, जिनमें राऊ, महूगांव, मानपुर, सांवेर, बेटमा, हातोद, देपालपुर, गौतमपुरा शामिल हैं। अब इनके अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव किया जाना है, जिसको लेकर भाजपा और कांग्रेस तैयारी कर रही हैं। दोनों दल अपने-अपने अध्यक्ष-उपाध्यक्ष होने का दावा कर रहे हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चार नगर पंचायतों पर अपना दावा कर रहे हैं तो भाजपा छह नगर पंचायतों पर अपना दावा जता रही है। जिला पंचायत और चार जनपद पंचायतों में अपना परचम लहराने के बाद भाजपा यहां भी अपनी जीत के प्रति आश्वस्त है। इसको लेकर निर्वाचन आयोग की ओर से कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि आज निर्वाचन प्रक्रिया घोषित की जा सकती है। सभी पंचायत स्तरों पर ये चुनाव होंगे और वहीं अध्यक्ष फार्म भरेंगे तथा वहीं सदस्य मतदान करेंगे और घोषणा भी वहीं कर दी जाएगी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved