
इंदौर। शहर का पूर्वी क्षेत्र कल रात कड़ाके की ठंड की चपेट में रहा। यहां पारा लुढक़कर 12 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि पश्चिमी शहर में रात का न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री दर्ज किया गया। यानी शहर के दो हिस्सों में तापमान में 4 डिग्री से ज्यादा का अंतर रहा। शहर के पूर्वी हिस्से में कृषि महाविद्यालय स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना केंद्र पर तापमान दर्ज किया जाता है। कल यहां दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो इस माह का सबसे कम तापमान है। इससे पहले यहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक रह चुका है। वहीं दूसरी ओर विमानतल स्थित मौसम केंद्र पर दिन का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री दर्ज किया गया। दोनों केंद्रों के बीच दूरी करीब 11 किलोमीटर की है, लेकिन तापमान में इतना ज्यादा अंतर होने पर मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि कृषि महाविद्यालय पर आसपास का क्षेत्र खुला होने के कारण यहां खेती और इसके लिए सिंचाई होती है, जिससे इस क्षेत्र में ज्यादा ठंडक दर्ज होती है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved