
भोपाल। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में स्कूल शिक्षा विभाग (Department of School Education) के दिवंगत कर्मचारियों (Deceased Employees) के 954 आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति (Compassionate Appointment) दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने बुधवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में पात्र लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में 400 नए सांदीपनि विद्यालय (Sandipani School) भवन बनाने की घोषणा भी की। इनमें 200 भवन स्कूल शिक्षा विभाग और 200 जनजातीय कार्य विभाग के तहत बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार में कमाने वाले सदस्य के निधन के बाद आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में सरकार की जिम्मेदारी है कि प्रभावित परिवारों को सहारा दिया जाए। इसी को ध्यान में रखते हुए अनुकंपा नियुक्तियों को प्राथमिकता दी गई है, ताकि परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
कार्यक्रम में दी गई जानकारी के मुताबिक, नियुक्ति पाने वालों में 661 सहायक ग्रेड-3, 31 प्राथमिक शिक्षक और 262 चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ काम करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकारी स्कूलों की सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। सांदीपनि विद्यालयों के जरिए विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल, आधुनिक लैब और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसी दिशा में 400 नए विद्यालय भवन बनाने की घोषणा की गई है। इनमें जनजातीय बहुल क्षेत्रों के लिए जनजातीय कार्य विभाग के तहत 200 भवन बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थी भविष्य में निकलने वाली अन्य शासकीय भर्तियों में भी शामिल हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 85 हजार से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। स्कूल शिक्षा विभाग में भी नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, अनुकंपा नियुक्ति के करीब 350 मामले अभी शेष हैं, जिन्हें साल के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए हर साल विभागीय पदोन्नति समिति की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी। पदोन्नति से खाली होने वाले पदों को भरने की प्रक्रिया भी चल रही है। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए लैपटॉप वितरण, स्कूटी योजना और नीट की तैयारी में सहायता जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया। स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि विभाग में लंबे समय से लंबित मामलों के निराकरण और कर्मचारियों को लाभ देने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति को दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बताया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved