
लखनऊ। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपनी तैयारी को तेज कर दिया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) आज प्रदेश में पदयात्रा की शुरुआत करने जा रही हैं। प्रियंका गांधी आज लखनऊ के कई इलाकों में पदयात्रा करेंगी। कांग्रेस पार्टी(Congress Party) ने पिछले महीने उत्तर प्रदेश में प्रगति यात्रा की शुरुआत की है। रिपोर्ट के अनुसार प्रियंका गांधी की यह पदयात्रा चौक स्थित बड़ी काली माता मंदिर से होकर दरगाह हजरत अब्बास पर खत्म होगी। प्रियंका गांधी पुराने लखनऊ में पदयात्रा के जरिए लोगों के साथ संपर्क साधने की कोशिश करेंगी। इस पदयात्रा के जरिए कांग्रेस पार्टी लोगों को अपने चुनावी वायदे से अवगत कराएगी, जिसमे महिलाओं और आम लोगों का मुद्दा अहम होगा।
पुराने लखनऊ से प्रियंका गांधी की पदयात्रा की शुरुआत के राजनीतिक मायने भी हैं। दरअसल कांग्रेस पुराने लखनऊ से अपनी पदयात्रा शुरू करके अपनी सेक्युलर छवि को भी दिखाने की कोशिश करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के अनुसार इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों को यह बताना है कि भारत जो डोर बांधती है वह सभी को एक साथ लेकर चलने वाली है। इसमे जाति, धर्म का कोई बंधन नहीं है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved