
नई दिल्ली । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Congress MP Rahul Gandhi) ने कहा कि बहुजन समाज के सम्मान और संविधान की रक्षा के लिए (To Protecting honour of Bahujan Samaj and Constitution) कांग्रेस कटिबद्ध है (Congress is Committed) । बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक और समाज सुधारक कांशीराम की जयंती के मौके पर उन्हें नमन करते हुए उन्होंने यह बात कही ।
कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “बहुजन नायक कांशीराम की जयंती पर उन्हें सादर नमन। गरीबों, दलितों और वंचितों के अधिकारों के लिए उनका अथक संघर्ष और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है। उनका मानना था संविधान ही दलितों, पिछड़ों और वंचितों की असली ताकत है।” राहुल गांधी ने लिखा, “संविधान आज खतरे में है। बाबा साहेब के संविधान की शपथ ले कर सत्ता में बैठने वाले ही उसको कमजोर करने पर तुले हैं। जब तक सत्ता में भागीदारी नहीं, तब तक न्याय संभव नहीं, कांशीराम की विरासत यही कहती है। सामाजिक न्याय का यह सपना अधूरा नहीं रहेगा। कांग्रेस पार्टी बहुजन समाज की भागीदारी, सम्मान और संविधान की रक्षा के लिए पहले भी खड़ी थी, आज भी है और हमेशा रहेगी।”
इससे पहले, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पोस्ट किया, “महान समाज सुधारक कांशीराम ने दलित, वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को संगठित कर उन्हें भारतीय राजनीति की मुख्यधारा में सम्मानजनक स्थान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। सामाजिक न्याय और बराबरी की लड़ाई में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उनकी जयंती पर हम उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।”
वहीं, राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने लिखा, “सामाजिक न्याय के प्रणेता, वंचितों के राजनीतिक एकीकरण व उत्थान के पुरोधा, हाशिए के समूहों में सामाजिक राजनीतिक चेतना जागृत करने वाले लोक समता के पैरोकार, महान समाज सुधारक कांशीराम की जयंती पर कोटि-कोटि नमन और विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने जो राह उत्पीड़ित व शोषित वर्गों को दिखाई, उसी पर चल कर ही देश में समान विकास और समता स्थापित हो सकती है।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved