
रायबरेली । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Congress MP Rahul Gandhi) ने जनता दरबार में लोगों से मुलाकात कर (Met People in Janata Darbar) उनकी समस्याएं सुनीं (Listened their Grievances) ।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के रायबरेली दौरे के अंतिम दिन बुधवार को भुएमऊ गेस्ट हाउस में आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। सुबह करीब नौ बजे शुरू हुए जनता दरबार में राहुल गांधी ने लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं। गेस्ट हाउस के बाहर लोगों की लंबी कतार नजर आई, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के तहत एक-एक व्यक्ति को अंदर प्रवेश दिया गया। जनता दरबार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा आम लोगों और विभिन्न संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने राहुल गांधी से मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
जनता दरबार में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की। रायबरेली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष लक्ष्मी सिन्हा ने राहुल गांधी को राखी बांधी और तिलक लगाया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि लक्ष्य के लिए अब थोड़ी और मेहनत की जरूरत है और कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जुटे हैं। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के अध्यक्ष अनिल मिश्रा ने भी राहुल गांधी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रदेश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों की कुर्बानियों को संरक्षित करने के साथ मुंशीगंज शहीद स्मारक के अधूरे सौंदर्यीकरण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की।
कांग्रेस की महिला जिलाध्यक्ष शैलजा सिंह ने राहुल गांधी से मुलाकात कर उनके रायबरेली आगमन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्रों से जुड़े कार्यक्रम में युवाओं की आवाज उठाने के लिए राहुल गांधी की सराहना करते हुए कहा कि वह युवाओं के भविष्य की आवाज हैं। इस बीच, ब्रह्माकुमारी संस्थान की ज्योति बहन ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की। उन्होंने राहुल गांधी से रायबरेली का दौरा इसी तरह जारी रखने और शहर के विकास में योगदान देने की अपील की। उन्होंने राहुल गांधी को रक्षा सूत्र और स्मृति चिह्न भेंट किया। ज्योति बहन के मुताबिक, राहुल गांधी ने स्नेहपूर्वक रक्षा सूत्र और स्मृति चिह्न स्वीकार किया तथा संस्थान में आने का आश्वासन दिया।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की और विभिन्न मुद्दे उनके सामने रखे। इससे रायबरेली में कांग्रेस और सपा के बीच राजनीतिक समन्वय की तस्वीर भी सामने आई। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव अखिलेश माही ने राहुल गांधी से मुलाकात कर वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए रायबरेली के राजेंद्र यादव के नाम पर स्मारक और चौराहा बनवाने की मांग की। माही ने कहा कि राजेंद्र यादव देश की सेवा करते हुए शहीद हुए थे, लेकिन अब तक रायबरेली में उनके नाम पर न तो प्रतिमा स्थापित हुई और न ही स्मारक बनाया गया। अखिलेश माही के मुताबिक, उन्होंने राहुल गांधी से शहीद के सम्मान में स्मारक और चौराहा बनवाने का आग्रह किया, जिस पर राहुल गांधी ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बड़े नेता हैं और उनके सहयोग से इस बार भाजपा को कड़ी चुनौती दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगा।
राहुल गांधी के दौरे के दौरान मंगलवार रात सर्राफा कारोबारियों के साथ हुई बैठक भी चर्चा में रही। प्रभु टाउन स्थित सर्राफा कारोबारी फाना त्रिवेदी के आवास पर हुई बैठक में व्यापारियों ने सोने-चांदी के कारोबार में करीब 50 प्रतिशत की गिरावट का मुद्दा उठाया। व्यापारियों ने कहा कि इससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। राहुल गांधी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सोने-चांदी पर बढ़े जीएसटी का मुद्दा संसद में उठाया जाएगा। रायबरेली दौरे के अंतिम दिन राहुल गांधी सांसद निधि से करीब तीन करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे बचत भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में शामिल होंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved