
इंदौर। शहर कांग्रेस ने आज सुबह मंत्रोच्चार के बीच राजबाड़ा का शुद्धिकरण किया। शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि राजबाड़ा में प्रदेश की भाजपा सरकार ने कैबिनेट बैठक की। इस बैठक में भाग लेकर देश की सेना का अपमान करने वाले उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने राजबाड़ा को अपवित्र किया। उक्त परिसर को पवित्र करने के लिए पं. विशाल चतुर्वेदी द्वारा पवित्रीकरण कर और मंत्रों का जाप कर गंगाजल से पूरे राजबाड़ा परिसर का शुद्धिकरण किया गया। राज्य की भाजपा सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। हनुमान चालीसा के माध्यम से प्रार्थना कर और झांझ-मंजीरे बजाकर राज्य सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की गई, ताकि दोनों मंत्रियों को तत्काल बर्खास्त किया जाए।
एक मंत्री सेना की महिला सैन्य अधिकारी का अपमान करते हैं, माफी ना मंजूर होने के बाद भी उन्हें भारतीय जनता पार्टी संरक्षण दे रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है, वहीं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने सेना और नागरिकों पर की गई टिप्पणी भाजपा की सोच उजागर करती है। यादव ने कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान राजबाड़ा के आसपास की सभी व्यापारियों की दुकान और बाजार बंद कर दिए गए। राजबाड़ा के सामने ही शराब की दुकान को खुलवाकर रखा गया। करोड़ों रुपए के कर्ज में डूबी मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने कैबिनेट बैठक को इवेंट बना दिया। इस आयोजन में करोड़ों रुपया खर्च किया गया और जनता की गाढ़ी कमाई फूंक दी गई। ये पैसा जनता की गाढ़ी कमाई से जुटाए टैक्स का है। राजसी इंतजाम कर सरकारी धन की बर्बादी की गई।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved