img-fluid

कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए बहुरंगी वचन पत्र का फोल्डर जारी किया

October 02, 2020


– सरकार के डेढ़ साल के कार्यकाल की 51 उपलब्धियां बताईं
– भाजपा के 15 साल के झूठे मायाजाल का पर्दाफाश भी कियाा
– फोल्डर में इंदिरा-सोनिया को दी जगह तो राहुल-प्रियंका को स्थान नहीं दिया
इन्दौर, राजेश मिश्रा। प्रदेश की 28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने बहुरंगी वचन पत्र का फोल्डर जारी कर दिया है। इसमें कमलनाथ सरकार के डेढ़ साल के कार्यकाल की 51 उपलब्धियां बताई गई हैं तो भाजपा के 15 साल के झूठे मायाजाल का पर्दाफाश भी किया गया है। फोल्डर में स्व. इंदिरा गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को जगह दी गई है तो राहुल-प्रियंका को स्थान नहीं मिला है। फोल्डर का नाम ‘कमलनाथ के सवा साल जनता थी खुशहाल’ के साथ-साथ कमलनाथ का फोटो इसमें लगाया गया है।
प्रदेश की 28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तिथि घोषित होते ही कांग्रेस की चुनावी गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में उपचुनाव जीतने के लिए कांग्रेस ने चार पेज का बहुरंगी वचन पत्र, जिसे उपलब्धियों का सारांश नाम दिया गया है, जारी कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी किए गए इस फोल्डर में कांग्रेस ने 15 साल के बाद आई अपनी सरकार और 15 माह में किए गए कार्यों का 51 बिंदुओं पर उल्लेख किया है। फोल्डर के साथ ही एक चार पेज का अन्य फोल्डर भी संलग्न किया है, जिसमें भाजपा के 15 साल के झूठ के मायाजाल का पर्दाफाश करते हुए ‘लोकतंत्र को मार डाला, घोटाला ही घोटाला’ नाम दिया गया है। भाजपा के शिवराज की पहली पारी से लेकर अब तक उनके कार्यकाल में हुए घोटालों का इसमें उल्लेख किया गया है। यह फोल्डर प्रदेश कांग्रेस ने उन सभी विधानसभा क्षेत्रों में जारी किया है, जहां उपचुनाव होना है।
यह उपलब्धियां बताईं
कांग्रेस के 51 बेमिसाल निर्णय और उपलब्धियों का इसमें उल्लेख किया गया है, जिसमें 26 लाख किसानों का कर्जा माफ, किसानों को सस्ती बिजली की सौगात, बिजली कनेक्शन में 50 प्रतिशत तथा देयकों में 25 प्रतिशत की छूट, घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली उपलब्ध कराने, महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर मंदिर हेतु 450 करोड़ का प्रावधान करना, भूमाफियाओं का प्रदेश में सफाया, शुद्ध के लिए युद्ध में मिलावटखोरों के खिलाफ की गई कार्रवाई से लेकर वृद्ध, विधवा, विकलांगों की पेंशन 300 से बढ़ाकर 600 रुपए करना, स्टाम्प शुल्क में की गई कमी, पुजारियों का मानदेय 1000 से बढ़ाकर 3000 रुपए करना, 3 दिसंबर को अधिवक्ता दिवस पर अवकाश घोषित करना सहित अन्य बिंदु शामिल किए गए हैं।
प्रियंका-राहुल गायब
प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी किए गए वचन पत्ररूपी फोल्डर में स्व. इंदिरा गांधी को स्थान मिला है तो कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का भी बड़ा फोटो लगाया गया है। फोल्डर के प्रथम और अंतिम पृष्ठ पर कमलनाथ का फोटो लगा है। फोल्डर में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी को स्थान नहीं मिला है।
प्रदेश में 15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी और 15 महीने में सिर्फ 11 महीने ही सरकार को काम करने का अवसर मिला। दगाबाजों के कारण कांग्रेस की सरकार का पतन हुआ। उसके बावजूद कांग्रेस सरकार ने कई उपलब्धियां इस अल्प कार्यकाल में हासिल की और प्रदेश की जनता को राहत प्रदान की। कांग्रेस के उपचुनाव के लिए जारी किए गए वचन पत्ररूपी फोल्डर में सभी उपलब्धियों का सिलसिलेवार उल्लेख किया गया है।
नरेंद्र सलूजा, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के मीडिया समन्वयक

Share:

  • सुखलिया, सुदामा नगर के साथ बिजलपुर में मिले अधिक मरीज

    Fri Oct 2 , 2020
    24 घंटे में 495 पॉजिटिव मरीजों का और इजाफा… 3 नए क्षेत्रों में 5 मरीज शामिल इन्दौर।  सितम्बर के महीने में जहां लगातार 400 से अधिक कोरोना मरीज हर 24 घंटे में मिले, वहीं अक्टूबर में भी यह सिलसिला जारी रह सकता है। पहले दिन 500 मरीज मिलने के बाद कल दूसरे दिन 495 और […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved