देश राजनीति

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के लिए सात समितियों की घोषणा की

नई दिल्ली। वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने रविवार को उत्तर प्रदेश की सात समितियों की घोषणा की है। पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की स्वीकृति के बाद यह घोषणा की गई है। इनमें घोषणापत्र (मैनिफेस्टो) समिति, आउटरीच समिति, सदस्यता समिति, कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति, प्रशिक्षण और संवर्ग विकास समिति, पंचायत राज चुनाव समिति और मीडिया और संचार सलाहकार समिति शामिल हैं।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी बयान के अनुसार समितियों का निर्धारण अनुभवी और युवा नेताओं का एक मिश्रण है। इसके जरिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस राज्य में एक मजबूत इकाई के रूप में लड़ेगी। उन्होंने बताया कि घोषणापत्र समिति उत्तर प्रदेश के सभी जिलों का दौरा करेगी और वहां की समस्याओं पर अपनी रिपोर्ट देगी। ऐसे में राज्य की समस्याओं के समाधान को लेकर घोषणा पत्र बनाया जाएगा। पार्टी का मैनिफेस्टो सॉल्यूशन बेस्ड डॉक्यूमेंट होगा, जो विधानसभा चुनाव से 7-8 महीने पहले जारी किया जाएगा।

समितियां और सदस्य-

उत्तरप्रदेश कांग्रेस की मीडिया समिति में सदस्य के तौर पर राशिद अल्वी, ललितेशपति त्रिपाठी, अखिलेश प्रताप सिंह, सुरेन्द्र राजपूत, ओंकार सिंह और वीरेंद्र मदान को शामिल किया गया है। संचार समिति के अध्यक्ष समिति के पदेन सदस्य होंगे।

वहीं प्रदेश कांग्रेस की आउटरीच समिति में प्रमोद तिवारी, प्रदीप जैन, गजराज सिंह, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, इमरान मसूद और बाल कुमार पटेल स्थान मिला है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी उपाध्यक्ष समिति के सदस्य होंगे।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश घोषणा पत्र (मैनिफेस्टो) समिति में सलमान खुर्शीद, पीएल पुनिया, आराधना मिश्रा मोना, विवेक बंसल, सुप्रिया श्रीनेत और अमिताभ दुबे को जगह दी गई है।

उप्र कांग्रेस की सदस्यता समिति में अनुराग नारायण सिंह, अजय कपूर, बीएल खबरी, मो. मुकीम, कमल किशोर कमांडो और अजय राय को स्थान मिला है।

प्रदेश की नौ सदस्यीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति में नूर बानो, हरेन्दर मलिक, प्रवीण एरोन, जितेंद्र सिंह, बालकृष्ण चौहान, नसीब पठान, बंशी पहाड़िया, राम जियावान और प्रीता हरीत शामिल हैं।

उप्र प्रशिक्षण और संवर्ग विकास समिति में निर्मल खत्री, हरेन्द्र अग्रवाल, अनुमान त्रिपाठी, सतीश राय, डॉली शर्मा और केशव चंद यादव शामिल किया गया है।

प्रदेश की पंचायत राज चुनाव कमेटी में राजेश मिश्रा, जफर अली नकवी, राजाराम पाल, प्रदीप माथुर, विनोद चतुर्वेदी, मसूद अख्तर और अजय पाल सिंह को जगह मिली है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

एमसीडी के कार्यों में बाधा बनने के बजाय सहयोग करे दिल्ली सरकार : आदेश गुप्ता

Mon Sep 7 , 2020
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा रविवार को डेंगू के खिलाफ 10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट, हर रविवार डेंगू पर वार अभियान की शुरुआत करने पर विपक्षी दल भाजपा ने कड़ा हमला किया है। भाजपा ने दिल्ली सरकार के इस अभियान पर तंज कसते हुए कहा कि राज्य में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की […]