
इन्दौर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर गांधी प्रतिमा पर आज उस समय खलबली मच गई, जब एक युवक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहनकर प्रतिमा स्थल पर आ गया और गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के साथ भाजपा का गुणगान करने लगा। इस पर कांग्रेसी भडक़ गए और युवक की पिटाई करके उसे पुलिसको सौंप दिया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि गांधी जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को असामाजिक तत्व बिगाडऩे का प्रयास कर रहे थे।

घटना आज सुबह की है, जब गांधी प्रतिमा पर कांग्रेसियों द्वारा माल्यार्पण चल रहा था। इसी दौरान एक युवक नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहनकर गांधी प्रतिमा पर आ गया और सबसे पहले उसने गाँधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यहां तक तो कांग्रेसियों ने सहन किया, लेकिन जैसे ही युवक ने मोदी और भाजपा का गुणगान करना शुरू किया तो कांग्रेसी भडक़ गए। कांग्रेस नेता मोहन मेहरा ने तत्काल युवक को पकड़ा और सबसे पहले मोदी का मुखौटा उतरवाया और उसे जमकर नसीहत दी। बाद में कुछ कांग्रेसियों ने उक्त युवक पर हाथ भी साफ कर दिये। मौके पर ही मौजूद पुलिस को उसे सौंपा गया। युवक का नाम लच्छू शर्मा बताया जा रहा है और वह भाजपा से जुड़ा हुआ है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि गौड़से की मानसिता वाले गांधीजी का कार्यक्रम बिगाडऩे का प्रयास कर रहे थे। युवक को बाद में पुलिस को सौंपा गया।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved