
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विकास में एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) को बेहद अहम बताया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के गठन के बाद उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में इजाफा हुआ है और यह बढ़कर 70 हजार रुपये हो गयी है। इसमें ओडीओपी की अहम भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भारत आजाद हुआ था तब प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय देश की प्रति व्यक्ति की आय के बराबर थी। बीच के कालखण्ड में परम्परागत उद्योग को महत्व नहीं दिया गया। इसका परिणाम रहा कि जहां देश की प्रति व्यक्ति आय 01 लाख 20 हजार रुपये थी, वहीं उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय मात्र 43 हजार रुपये ही थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के गठन के बाद उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये से बढ़कर 70 हजार रुपये हो गयी है। आय बढ़ाने में ओडीओपी ने महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन की है।
उन्होंने कहा कि इस बार हुनर हाट कार्यक्रम में ओडीओपी को भी जोड़ा गया है। हुनर हाट और ओडीओपी आत्मनिर्भर भारत बनाने और रोजगार का बढ़िया माध्यम है। वर्तमान सरकार परम्परागत उद्योगों को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए आवश्यक है कि परम्परागत उद्योगों को एक अच्छा प्लेटफाॅर्म दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की ओडीओपी योजना देश की एक अभिनव योजना है। लखनऊ की चिकनकारी, भदोही की कालीन, वाराणसी का सिल्क, गोरखपुर का टेराकोटा, फिरोजाबाद का ग्लास उद्योग, मुरादाबाद का पीतल उद्योग, आगरा एवं कानपुर की लेदर कारीगरी ने विशिष्ट पहचान बनायी है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय अल्पसंख्यक मंत्रालय ने हुनर हाट को अन्तरराष्ट्रीय मंच प्रदान किया है, जिसमें पांच हजार से अधिक कारीगर इस हुनर हाट से जुड़े हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत की जो बयार चली है, उससे पूरा विश्व भारत का लोहा मान रहा है। प्रधानमंत्री ने कोरोना का बेहतर प्रबन्धन किया है, जिसका परिणाम है कि भारत में दो कोरोना वैक्सीन बनी हैं। ब्राजील के राष्ट्रपति ने आज प्रधानमंत्री मोदी को कोरोना वैक्सीन के लिए धन्यवाद दिया है। ब्राजील के राष्ट्रपति ने अपने देश के लिए भी कोरोना वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री से आग्रह किया है। आज पूरा विश्व भारत के पीछे चलता हुआ दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री वसुधैव कुटुम्बकम की भावना के साथ कार्य करते हैं। 16 जनवरी से भारत में वैक्सीनेशन का कार्य प्रारम्भ हो गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हुनर हाट प्रदर्शनी का अवलोकन किया। (एजेंसी, हि.स.)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved