
– कल रहा मौसम का पहला कोल्ड डे, बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठंड
– ठंड से लोगों का हाल बेहाल, गर्म कपड़े, अलाव और हीटर बने सहारा
इंदौर। शहर में ठंड के तेवर रोज तीखे होते नजर आ रहे हैं। परसों रात के बाद कल दिन के तापमान में भी काफी गिरावट आई और पारा पहली बार 20 डिग्री के नीचे पहुंचा, जो सामान्य से 6 डिग्री कम था। इसके चलते मौसम विभाग ने शहर में पहले कोल्ड डे की घोषणा की, वहीं रात में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई, लेकिन इसके बाद भी तेज बर्फीली हवाओं के कारण ठंड से कोई राहत नहीं मिली।

विमानतल स्थित मौसम केंद्र (airport weather station) के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री कम था, वहीं रात का न्यूनतम 8.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री कम था, लेकिन परसों रात की अपेक्षा भी करीब 1.1 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान शहर में उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हवाएं 23 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलीं। सुबह भी इनकी गति 18 किलोमीटर दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और उस ओर से ही आ रही तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आ रही है। ऐसा ही मौसम आगे भी बना रहेगा। ठंड में हुई बढ़ोतरी के कारण लोगों की हालत खराब है। ठंड से बचने के लिए लोग बाहर अलाव और घरों में हीटर का सहारा ले रहे हैं। शाम के बाद सडक़ों पर वाहन भी कम नजर आने लगे हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved