
इंदौर। शहर की फिजा में एक बार फिर उत्तरी हवाओं ने ठंडक घोल दी है। कल दिनभर ठंडी हवाओं से शहर कांपता नजर आया। महज दो ही दिनों में दिन और रात के तापमान में 6 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं रात के तापमान में भी कमी आई है। मौसम विभाग के अनुसार आज से एक बार फिर दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री और परसो की अपेक्षा 3.6 डिग्री कम था। इससे एक दिन पहले दर्ज 29.2 डिग्री की तुलना में यह 6.2 डिग्री कम था। वहीं रात का न्युनतम तापमान 12.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा, लेकिन परसो रात की अपेक्षा 1 डिग्री कम था। इस दौरान हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्वी रही और अधिकतम रफ्तार 37 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि आज से दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, तापमान बढक़र फिर 28 डिग्री तक जा सकता है, यह बढ़त आगे भी जारी रहेगी। वहीं अगली कुछ रातें तापमान 12 से 13 डिग्री के बीच ही रहेगा, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का अहसास रहेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved