
भोपाल। गुनगा पुलिस ने घर से दिन पहले लापता हुए युवक का शव बरामद किया है। बॉडी ग्राम रतुआ स्थित एक पेड़ पर लटकी मिली है। मृतक की शर्ट की जेब से उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला है। हालांकि पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जिससे खुदकुशी के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। घटना की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार अन्नू उर्फ अनुपम जाट पुत्र हरमान (23)रतुआ गांव का निवासी था। वह मोबाइल टावर लगाने वाले एक ठेकेदार के पास काम करता था। उसने घर में बताया था कि फिलहाल उसका काम गुजरात में चल रहा है। बीते कुछ दिन पहले ही वह घर लौटा था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अकसर काम का बोलकर घर से जाता था और चार पांच महीने बाद लौट आता था। गुरुवार को घर से बिन बताए निकला था। जब वह नहीं लौटा तो परिजनों को लगा कि अन्नू काम पर चला गया है। हालांकि रविवार की शाम करीब 6 बजे गांव में स्थित एक पेड़ पर उसका शव लटका मिला। जिसके बाद में पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारण फिलहाल साफ नहीं हो सके हैं। परिवार में उसके अलावा उसके मां-पिता और एक बड़ा भाई है। दोनों भाई अभी अविवाहित हैं। वहीं टील जमालपुरा पुलिस ने बीती रात काजीकेंप से एक अज्ञात भ्रूण बरामद किया है। इस मामले में भी मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।
सीढिय़ों से गिरकर कंडक्टर की मौत
गौतम नगर थाना इलाका स्थित रिसालदार कॉलोनी में 40 वर्षीय असलम खान पिता जलील खान रहते थे। वह मिनी बसों में बतौर कंडक्टर चलते थे। रविवार की रात को घर में स्थित जीनों से स्लिप होकर गिर गए थे। जिससे उनके सिर में चोट आई थी। परिजनों ने बेहोशी की हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया था। जहां डाक्टरों ने चेक करने के बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में भी मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved