
इंदौर। आज सुबह दिल से दौड़े दिल के लिए का स्लोगन लिए हुई मेराथन कोलकाता के एक युवक के लिए दिल के दौरे से मौत का कारण बन गई। मेराथन दौड़ में 21 किलोमीटर दौड़ की कैटेगिरी रखी गई थी। इसी कैटेगिरी में शामिल होने के लिए कोलकाता निवासी 25 वर्षीय आर्यन तोड़ी इंदौर पहुंचे थे। आर्यन ने नेहरू स्टेडियम से दौड़ शुरू की और दौड़ पूरी कर वापस लौट रहे थे, तभी फिनिशिंग लाइन से 50 मीटर पहले ही वे अचानक गश खाकर गिर पड़े और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
युवक की गिरते ही इसी दौड़ में शामिल डॉक्टर भरत रावत और अन्य ने उसे सीपीआर देकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन आर्यन के शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी। दौडऩे वालों के साथ एंबुलेंस भी चल रही थी। जिससे तुंरत आर्यन को एमवाय ले जाया गया और वहां के डॉक्टरों ने एक घंटे तक लगातार आर्यन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह बच नहीं पाया। एम वाय अस्पताल के मृत घोषित करने के बाद परिचित शव को बॉम्बे हॉस्पिटल लेकर गए वहां भी मृत घोषित करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है।
पिता दिल्ली से निकले इंदौर के लिए
अकेडमी ऑफ इंदौर मैराथनर्स से मिली जानकारी के अनुसार आर्यन के पिता दिल्ली में रहते है। उनसे तुरंत ही मोबाइल फोन पर संपर्क किया और उन्हें घटना की जानकारी दी गई। जिसके बाद वे अन्य परिजन के साथ दिल्ली से इंदौर आने के लिए रवाना हो गए है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved