
इंदौर। पिछले 6 माह से नगर निगम के पोर्टल में आई खराबी के कारण झोनलों से लेकर मुख्यालय तक कर्मचारी परेशान हैं और सम्पत्तिकर के खातों में सुधार हो गया, लेकिन जलकर के पोर्टल की परेशानी बरकरार है। कई बार पोर्टल को लेकर नगर निगम अफसरों ने भोपाल में नगरीय प्रशासन विभाग के अफसरों को शिकायत भी की और वहां से सुधार कार्य के लिए चार से पांच बार टीमें आ चुकी हैं, लेकिन उसके बावजूद पोर्टल पूरी तरह ठीक नहीं हो पा रहा है। इसी के चलते पिछली बार लोक अदालत के दौरान भी निगम के खजाने मेंं राशि ही जमा नहीं हुई थी। वर्तमान में भी जलकर के पोर्टल के कारण तमाम फजीहत हो रही है और जिन खातों में पहले से राशि जमा है, उनकी भी राशि बकाया बताई जा रही है। अफसरों के मुताबिक करीब 3 लाख खाते जलकर के हैं और इनमें से कई लोग एडवांस टैक्स भी बड़े पैमाने पर जमा करते हैं। नगर निगम के अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा के मुताबिक सम्पत्तिकर के पोर्टल में सुधार हुआ है और जलकर के अधिकांश खाते भी सुधार लिए गए हैं। इसी के चलते निगम में हर रोज जलकर, सम्पत्तिकर से लेकर अन्य करों की राशि 50 से 80 लाख तक जमा हो रही है। पोर्टल की कुछ खामियों को दूर करने का प्रयास लगातार चल रहा है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved